सिरसा रेलवे स्टेशन पर चार साल बाद फिर शुरू हुई पार्किंग सुविधा, यात्रियों को मिली बड़ी।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि पार्किंग की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
 

अब यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है।

Chopta plus: चार साल के लंबे इंतजार के बाद सिरसा रेलवे स्टेशन पर मुख्य गेट की नंबर 1 पार्किंग सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई है। यह सुविधा कोरोना काल में बंद कर दी गई थी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पार्किंग को फिर से शुरू कर यात्रियों को राहत दी गई है।

पहले यात्रियों को दो नंबर गेट की पार्किंग तक जाना पड़ता था, जो लगभग दो किलोमीटर दूर थी। इस दौरान उन्हें रेलवे फाटक भी पार करना पड़ता था, जिससे कई बार ट्रेन तक छूट जाने की नौबत आ जाती थी। अब नई पार्किंग सुविधा से यात्री सीधे स्टेशन के मुख्य गेट पर वाहन खड़ा कर सकेंगे।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि पार्किंग की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कोरोना काल में लॉकडाउन लगने के बाद ट्रेनों के साथ-साथ पार्किंग भी बंद कर दी गई थी। बाद में स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य चलते समय भी इसे शुरू नहीं किया जा सका। लेकिन अब यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है।

क्या हैं पार्किंग शुल्क

दोपहिया वाहन: 24 घंटे तक के लिए ₹30

चौपहिया वाहन: 24 घंटे तक ₹80

12 घंटे तक पार्किंग: शुल्क आधा देना होगा

26 ट्रेनें रोज करती हैं आवाजाही

सिरसा रेलवे स्टेशन से रोजाना लगभग 26 ट्रेनों का संचालन होता है, जो बठिंडा, फाजिल्का, गंगानगर, हिसार, दिल्ली समेत कई प्रमुख शहरों को जोड़ती हैं। हजारों यात्री रोजाना स्टेशन से सफर करते हैं, जिनमें कई लोग अपने निजी वाहन से स्टेशन आते हैं। ऐसे में मुख्य गेट पर पार्किंग शुरू होने से यात्रियों को न सिर्फ सुविधा मिलेगी बल्कि समय की भी बचत होगी।