सिरसा स्वर्णकार संघ में बगावत: गुपचुप बने प्रधान को चुनाव कमेटी ने किया खारिज, 8 को होगा असली चुनाव
सिरसा स्वर्णकार संघ के जिला प्रधान पद को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव कमेटी के चेयरमैन राजकुमार सोनी ने शनिवार शाम को स्पष्ट किया कि समाज के कुछ लोगों द्वारा अपनी मर्जी से चुना गया प्रधान संघ को किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है। उन्होंने इस चयन को असंवैधानिक करार देते हुए घोषणा की है कि 8 मार्च को सुबह 10 बजे सिरसा की बेगू रोड स्थित सोनी धर्मशाला में पूरी संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नए प्रधान का चुनाव किया जाएगा।
गुपचुप तरीके से हुआ चयन, राष्टीय चेयरमैन के नियमों की अनदेखी
मीडिया से बातचीत में राजकुमार सोनी ने बताया कि संघ के संविधान के अनुसार, पूर्व प्रधान का इस्तीफा लिए बिना नए प्रधान का चयन नहीं हो सकता। अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय चेयरमैन ने चुनाव के लिए बाकायदा चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। लेकिन, कुछ लोगों ने कमेटी के एक सदस्य डॉ. रविंद्र वर्मा को गुमराह कर और बिना बाकी सदस्यों को जानकारी दिए गुपचुप तरीके से प्रधान चुन लिया। संघ इस प्रकार के किसी भी অलोकतांत्रिक फैसले को मान्यता नहीं देगा।
6 उम्मीदवारों ने भरी 21-21 हजार फीस, प्रशासन से मांगा सुरक्षा सहयोग
चुनाव कमेटी के वाइस चेयरमैन सुखविंद्र सोनी ने बताया कि जिला प्रधान पद के लिए विधिवत नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई है। इस चुनाव में 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिन्होंने 21-21 हजार रुपये की फीस जमा करवाई है। मतदान प्रक्रिया में पूरे जिले से 36 डेलीगेट्स हिस्सा लेंगे। इनमें सिरसा से 11, ऐलनाबाद, कालांवाली, डबवाली, रानियां और चोपटा से 5-5 डेलीगेट्स शामिल हैं। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) और उपायुक्त (डीसी) को पत्र लिखकर सहयोग मांगा गया है।
चुनाव कमेटी के सदस्य गजानंद सोनी ने बताया कि संघ की पहली प्राथमिकता सर्वसम्मति से प्रधान चुनने की रहेगी। यदि आपसी सहमति नहीं बनती है, तो बैलेट पेपर के जरिए मतदान करवाया जाएगा। जो भी उम्मीदवार सबसे अधिक वोट हासिल करेगा, उसे विधिवत रूप से जिला प्रधान घोषित किया जाएगा। नवनिर्वाचित प्रधान को अपनी कार्यकारिणी के विस्तार का पूरा अधिकार होगा। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संघ का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारा बनाए रखना है। इस मौके पर अमर सिंह भूण, लीलाधर सोनी और सोनू गोरीवाला समेत कई अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।