चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने का संकल्प लेने वालों ने उनकी नीतियों और सिद्धांतों को बेचा : अभय चौटाला
ऐलनाबाद (निस) : इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने आज ऐलनाबाद के गांव मल्लेका में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोगों को 25 सितंबर को रोहतक में आयोजित होने वाले जननायक चौधरी देवीलाल जयंती समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया।
चौटाला ने कहा कि वे सत्ता के नहीं, बल्कि जनसेवा के भूखे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने 2019 में ही भाजपा से सत्ता छीन ली थी, लेकिन जिन लोगों ने चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने का संकल्प लिया था, वे अपनी नीतियों और सिद्धांतों को बेचकर भाजपा की गोद में बैठ गए, जिसके चलते भाजपा फिर से सत्ता में आई।
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी भाजपा की बी टीम बनकर भाजपा को सत्ता में लाने का काम किया है। चौटाला ने कहा कि भाजपा राज में जिस तरह से बेरोजगारी, नशाखोरी और अपराध बढ़े हैं, उससे समाज का हर वर्ग परेशान है और इससे मुक्ति चाहता है।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जेलों से गैंगस्टरों द्वारा गोली चलाकर व्यापारियों से रंगदारी वसूलने का सिलसिला भी भाजपा राज में ही शुरू हुआ, लेकिन इनेलो में सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं। बैठक के दौरान उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को जननायक चौधरी देवीलाल जयंती समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।