मौसम : हरियाणा में 19 और 22 जनवरी को बारिश के आसार, उत्तरभारत में 2 दिन शीतलहर फिर 3 दिन बारिश की संभावना

 

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले 48 घंटे तक सीवियर कोल्ड वेव व कोल्ड डे की कंडीशन बनी रह सकती है। उसके बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से हरियाणा,पंजाब,राजस्थान,चंडीगढ़ व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव दिखाई देगा। मौसम विभाग के चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम बुलेटिन के अनुसार पंजाब में 18,19 और 22 जनवरी को बारिश होने की उम्मीद है तो हरियाणा,चंडीगढ़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 22 जनवरी को बारिश के आसार बने हुए हैं।

इसी प्रकार राजस्थान में मौसम के बदलाव का असर शनिवार से ही दिखाई देना शुरू होगा। राजस्थान में दिनभर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी तो दिन के तापमान में गिरावट हो सकती है। शुक्रवार को भी मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा पंजाब का बलोवाल रहा। यहाँ का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी प्रकार हरियाणा के भिवानी में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक वर्तमान में जयपुर, बीकानेर संभाग के उत्तरी भाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे तथा कहीं-कहीं शीतलहर/अति शीतलहर दर्ज की जा रही है।

गंगानगर, हनुमानगढ़ क्षेत्र में कहीं-कहीं आति घना कोहरा भी दर्ज किया गया है। एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 17-18 जनवरी को राज्य के उत्तरी व पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बादल छाए रहने से आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने व शीतलहर से राहत मिलने की संभावना है। एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 22 से 24 जनवरी के दौरान सक्रिय होने की  संभावना है।