हरियाणा में सरकारी अस्पताल की पार्किंग में महिला की डिलीवरी, टॉर्च की रोशनी में कराया प्रसव

 

Faridabad News 

Haryana News 

Government Hospital

Negligence |

Chopta Plus

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-3 एफआरयू सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला की अस्पताल की पार्किंग में ही डिलीवरी करानी पड़ी। आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई स्टाफ मौजूद नहीं था और पार्किंग में अंधेरा होने के कारण नर्सों को टॉर्च की रोशनी में प्रसव के बाद की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार देर रात करीब 2 बजे बड़ौली गांव निवासी परिवार गर्भवती महिला बलेश को डिलीवरी के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल का मुख्य गेट बंद था और इमरजेंसी वार्ड में भी कोई स्टाफ मौजूद नहीं मिला। महिला को तेज लेबर पेन हो रहा था।

परिवार के सदस्य चमन चंदीला ने बताया कि उन्होंने खुद गेट खोला और व्हीलचेयर लेकर आए, लेकिन काफी देर तक कोई मेडिकल स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। स्थिति गंभीर होने पर महिला के साथ आई उसकी मां ने पार्किंग में ही डिलीवरी करवाई। महिला ने एक बेटे को जन्म दिया।

घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें अस्पताल की पार्किंग में नर्सें टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी के बाद की प्रक्रिया करती दिखाई दे रही हैं। परिजनों का कहना है कि डिलीवरी होने के बाद स्टाफ मौके पर पहुंचा। वहीं अस्पताल परिसर में मौजूद अंधेरे और अव्यवस्था को लेकर परिवार ने नाराजगी जताई।

मामले को लेकर डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रचना ने कहा कि महिला गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंची थी। स्टाफ को तैयार होने और जरूरी उपकरण लेने में 5 से 7 मिनट का समय लगा। इसी दौरान पार्किंग में डिलीवरी हो गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।