Haryana Police SPO Bharti 2026: 400 पदों पर निकली भर्ती, नहीं होगी लिखित परीक्षा, जानें कैसे करें आवेदन
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस के दूरसंचार विंग में 400 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। यह भर्ती हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के तहत की जा रही है। इसके लिए सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के पूर्व सैनिकों और विघटित हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (HSISF) तथा हरियाणा आर्म्ड पुलिस (HAP) बटालियनों के पूर्व कांस्टेबलों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। नियुक्ति एक साल के लिए होगी या फिर नियमित नियुक्ति होने तक रहेगी।
किन्हें मिलेगी प्राथमिकता
दूरसंचार उपकरणों को संभालने का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को तरजीह दी जाएगी। खास तौर पर सशस्त्र बलों या CAPF के सिग्नल कॉर्प्स में सेवा कर चुके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित एसपीओ को पुलिस विभाग की जरूरतों के मुताबिक ढालने के लिए 15 दिन का कैप्सूल कोर्स भी कराया जाएगा।
क्या है पात्रता
आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 पास होना जरूरी है। विज्ञापन की तारीख को उम्र 25 साल से कम और 50 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। सशस्त्र बल या CAPF में कम से कम 5 साल की सेवा अनिवार्य है। अनुशासनहीनता, कदाचार या मेडिकल अनफिटनेस के आधार पर सेवा से हटाए या बर्खास्त किए गए उम्मीदवार पात्र नहीं होंगे। डिस्चार्ज के समय मेडिकल कैटेगरी 'ए' तथा चरित्र प्रमाण पत्र 'एक्जेम्प्लरी/आउटस्टैंडिंग' होना चाहिए।
NHM में स्टाफ नर्स समेत कई पदों पर वॉक-इन इंटरव्यू, जानें पूरी डिटेल
RSSB Lab Assistant & Forester Result 2026 जारी: 1063 पदों की कट-ऑफ और PDF लिंक
नहीं होगी लिखित या शारीरिक परीक्षा
एसपीओ की नियुक्ति के लिए कोई लिखित परीक्षा या शारीरिक परीक्षा नहीं होगी। नियुक्ति पत्र जारी करने से पहले चयनित उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण होगा। साथ ही संबंधित जिला पुलिस प्राधिकरण से उम्मीदवार के चरित्र और पूर्ववृत्त का सत्यापन कराया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता, आयु, श्रेणी और अन्य प्रमाण पत्र भी संबंधित जारीकर्ता प्राधिकरण से सत्यापित होंगे।
किसी भी समय समाप्त की जा सकती है सेवा
अनुशासनहीनता, कदाचार, असंतोषजनक ड्यूटी या एक साल से पहले जरूरत खत्म होने पर एसपीओ की सेवाएं किसी भी समय समाप्त की जा सकती हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षक, दूरसंचार की ओर से आदेश जारी किया जा सकता है और पहले से नोटिस देना जरूरी नहीं होगा। इस संबंध में एसपी टेलीकम्युनिकेशन का फैसला अंतिम होगा और किसी उच्च अधिकारी के समक्ष अपील का प्रावधान नहीं है।
कैसे और कहां करें आवेदन
आवेदन निर्धारित तारीख को सुबह 9 बजे से पुलिस लाइंस टेलीकम्युनिकेशन, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगीनंद के पास, पंचकूला में व्यक्तिगत रूप से जमा करने होंगे। आवेदन के साथ भरा हुआ फॉर्म, सभी मूल दस्तावेज, दस्तावेजों की एक सेट अटेस्टेड फोटोकॉपी, जरूरी शपथ पत्र और अन्य निर्धारित दस्तावेज लाने होंगे। निर्धारित तारीख के बाद संबंधित जिले का कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को कोई टीए/डीए नहीं दिया जाएगा।
जिलावार आवेदन की तारीखें
-
24 अगस्त 2026 (सोमवार): पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल
-
25 अगस्त 2026 (मंगलवार): सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी
-
26 अगस्त 2026 (बुधवार): गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात (नूंह), पलवल, रेवाड़ी और नारनौल
-
27 अगस्त 2026 (गुरुवार): हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद और डबवाली
गृह थाने में नहीं होगी तैनाती
एसपीओ को उसके गृह पुलिस थाने में तैनात नहीं किया जाएगा। हालांकि पद उपलब्ध होने पर तैनाती के समय उसके गृह जिले को प्राथमिकता दी जाएगी। आपातकालीन स्थितियों में एसपीओ को थोड़े समय के लिए हरियाणा के किसी भी हिस्से में तैनात किया जा सकता है।
शपथ पत्र में देनी होंगी ये घोषणाएं
अभ्यर्थी को शपथ पत्र में यह घोषणा करनी होगी कि वह पूर्व सैनिक है या HSISF/HAP का पूर्व कर्मचारी है, किसी अदालत में उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है, वह हरियाणा के किसी अन्य जिले में पहले एसपीओ के तौर पर नियुक्त नहीं रहा है और वह दूरसंचार विंग में एसपीओ के तौर पर सेवा देने को तैयार है। गलत जानकारी मिलने पर सेवा तुरंत खत्म किए जाने पर भी अभ्यर्थी को कोई आपत्ति नहीं होगी, यह भी घोषणा करनी होगी।