हरियाणा पुलिस में 400 SPO पदों की भर्ती के लिए सिरसा, फतेहाबाद समेत 6 जिलों के उम्मीदवारों का शेड्यूल जारी
चंडीगढ़, 19 अगस्त। हरियाणा पुलिस की टेलीकम्युनिकेशन विंग में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के 400 पदों पर नियुक्ति के लिए जिला स्तर पर दस्तावेज जमा कराने का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। भर्ती में पूर्व सैनिकों और पात्र पूर्व पुलिसकर्मियों को मौका दिया जाएगा। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन, लिखित परीक्षा या शारीरिक परीक्षा नहीं देनी होगी।
पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन पत्र और जरूरी दस्तावेज लेकर व्यक्तिगत रूप से पुलिस लाइंस टेलीकम्युनिकेशन, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोतीनंद के पास, पंचकूला में पहुंचना होगा। दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया 24 से 27 अगस्त 2026 तक चलेगी। उम्मीदवारों को संबंधित जिले के निर्धारित दिन सुबह 9 बजे तक पहुंचना होगा।
जिला | दस्तावेज जमा करने की तारीख
- पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल — 24 अगस्त
- सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी व चरखी दादरी — 25 अगस्त
- गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी व नारनौल — 26 अगस्त
- हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद व डबवाली — 27 अगस्त
आवेदक की आयु विज्ञापन की तारीख को 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए और 12वीं पास होना जरूरी है। सशस्त्र बलों या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में कम से कम पांच वर्ष की सेवा का अनुभव भी आवश्यक है। पात्र पूर्व सैनिकों के अलावा HSISF और HAP बटालियन के पूर्व कांस्टेबल भी आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा में पूर्व अग्निवीरों को 20% तक आरक्षण, पुलिस समेत 6 विभागों में मिलेगा लाभ
चयन दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन के आधार पर होगा। चयनित उम्मीदवारों को 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नियुक्त SPO को 20,000 रुपये मासिक मानदेय, 3,000 रुपये एकमुश्त वर्दी भत्ता तथा सरकारी यात्रा के लिए निर्धारित यात्रा एवं दैनिक भत्ता मिलेगा। नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए होगी, जिसे नियमित नियुक्तियां होने तक बढ़ाया जा सकता है।
आवेदन के साथ मूल दस्तावेजों का एक सेट, सत्यापित प्रतियां, आवश्यक शपथ पत्र और चार रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना होगा। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। टेलीकम्युनिकेशन, विशेषकर सिग्नल कोर में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा सकती है।