CET Group D 2026: 9 जुलाई से खुलेगा करेक्शन पोर्टल, ऐसे करें आवेदन में गलती दुरुस्त

 

चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने सीईटी ग्रुप-डी के अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटियां सुधारने मौका दिया है। आयोग ने 9 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक करेक्शन पोर्टल खोलने का ऐलान किया है।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि 9 जुलाई से 11 जुलाई की रात 11:59 बजे तक करेक्शन पोर्टल खुला रहेगा। इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र की दोबारा सावधानीपूर्वक जांच कर किसी भी तरह की गलती को समय रहते ठीक कर सकेंगे।

आयोग ने करेक्शन पोर्टल को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए अभ्यर्थियों से सुझाव भी मांगे हैं। अगर किसी अभ्यर्थी को पोर्टल से जुड़ी कोई तकनीकी दिक्कत या सुझाव है, तो वह 6 जुलाई की दोपहर 3 बजे तक गूगल फॉर्म के जरिए अपनी प्रतिक्रिया भेज सकता है। इसके लिए दिया गया लिंक है: https://forms.gle/m1h3jYRGMKdJLXBg6

गौरतलब है कि एचएसएससी ने 18 जून 2026 को विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सीईटी ग्रुप-डी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की थी। आवेदन की अंतिम तारीख 3 जुलाई 2026 थी, जबकि फीस जमा करने की आखिरी तारीख 6 जुलाई 2026 थी। आयोग ने साफ कहा है कि सुधार विंडो बंद होने के बाद आवेदन में कोई बदलाव करने का कोई और मौका नहीं दिया जाएगा।

चेयरमैन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे करेक्शन विंडो का पूरा फायदा उठाएं और आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना अपने आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों का मिलान कर लें। उन्होंने कहा कि सही और गलती रहित आवेदन भविष्य की चयन प्रक्रिया के लिए बहुत जरूरी है।

सीईटी ग्रुप-डी परीक्षा का आयोजन ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) मोड में होगा। परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसकी अवधि 1 घंटा 45 मिनट होगी। प्रश्न पत्र अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में होगा।