गोगामेड़ी मेला 28 से अब से पहले हो चुकी है 2 करोड की कमाई, जानिए कैसे
हनुमानगढ़/सिरसा। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेला इस बार 28 अगस्त से 27 सितंबर तक चलेगा। मेले को लेकर देवस्थान विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं और अस्थायी दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का लक्ष्य 12 अगस्त तक सभी नीलामियां पूरी करना है।
छह चरणों में 107 दुकानों की नीलामी पूरी
देवस्थान विभाग की ओर से अब तक नीलामी के छह चरण पूरे किए जा चुके हैं। इनमें 107 अस्थायी दुकानों की नीलामी हो चुकी है, जिससे विभाग को करीब 2 करोड़ रुपये की आय हुई है। इस बार मेले में कुल 652 अस्थायी दुकानों की नीलामी होनी है, जबकि पिछले साल 624 दुकानों की नीलामी की गई थी, जिससे 5.50 करोड़ रुपये की आय हुई थी।
नीलामी के शेष चार चरण 12 अगस्त तक पूरे करने का लक्ष्य
विभाग ने नीलामी प्रक्रिया के चार चरण अभी शेष हैं और उन्हें 12 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। विभाग को उम्मीद है कि इस साल कुल राजस्व पिछले वर्ष से अधिक होगा। दुकानों की संख्या बढ़ने से राजस्व में इजाफे की संभावना जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
गोगामेड़ी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए इस बार भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है। देवस्थान विभाग ने मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को पानी और नाश्ता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
गोगामेड़ी मेले की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
गोगामेड़ी मेला 2026 के लिए रेवले चलाएगा 7 स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा शेड्यूल और रूट
मंदिर के बाहर भी दर्शन की व्यवस्था
भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को लाइन में नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। मंदिर के अंदर अधिक भीड़ होने की स्थिति में बाहर से दर्शन करवाने की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा मंदिर के बाहर अस्थायी दुकानों की व्यवस्था भी रहेगी, जहां श्रद्धालुओं के लिए पानी और खाने-पीने की जरूरी सामग्री मिल सकेगी।
गोगामेड़ी मेला 2026 की अन्य अहम जानकारी
गोगामेड़ी मेला राजस्थान के प्रमुख धार्मिक मेलों में से एक है। मान्यता है कि यहां लोकदेवता गोगाजी की समाधि है, जिन्हें हिंदू ‘वीर’ और मुस्लिम ‘पीर’ के रूप में पूजते हैं। हर साल राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत देशभर से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मेले का मुख्य आकर्षण गोगा नवमी का पर्व होता है, जो इस बार 4-5 सितंबर को मनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की सुविधाएं
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने इस बार छह जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग रूटों पर किया जाएगा:
- रेवाड़ी-गोगामेड़ी स्पेशल (04791/04792): 31 अगस्त से 9 सितंबर और 18 से 21 सितंबर तक चलेगी
- सादुलपुर-गोगामेड़ी स्पेशल (04707/04708): 28 अगस्त से 26 सितंबर तक प्रतिदिन चलेगी
- हनुमानगढ़-सादुलपुर स्पेशल (04743/04744): 19 अगस्त से 1 सितंबर तक चलेगी
इसके अलावा श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (14701/14702) को भी गोगामेड़ी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। रेलवे ने श्रद्धालुओं से आईआरसीटीसी वेबसाइट या एनटीईएस ऐप से ट्रेनों के समय की पुष्टि करने की अपील की है।