नोहर: 45 क्विंटल अवैध लकड़ी जब्त, वन विभाग ने ट्रैक्टर-रेहड़ा किया सीज
नोहर। वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्रजाति की लगभग 45 क्विंटल लकड़ियों से भरे एक ट्रैक्टर-रेहड़े को जब्त किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में वन विभाग ने वाहन को सीज कर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उप वन संरक्षक सुरेश कुमार आबुसरिया के निर्देशानुसार, सहायक वन संरक्षक नोहर सुनील खीचड़ और क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया।
45 क्विंटल लकड़ी बरामद
अभियान के दौरान वन विभाग की टीम को एक संदिग्ध ट्रैक्टर-रेहड़ा मिला। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर-रेहड़े में बिना आवश्यक दस्तावेजों के लगभग 45 क्विंटल प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ियां ले जाई जा रही थीं। वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लकड़ियों सहित ट्रैक्टर-रेहड़े को जब्त कर लिया।
लगातार चल रहा है अभियान
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध कटान और परिवहन के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, अवैध लकड़ी परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेन्द्र सिंह, वनपाल बीरबल राम, सहायक वनपाल जगदीश प्रसाद, वनरक्षक योगेन्द्र सिंह, रईस चन्द्र ढाका और अयुब खान शामिल रहे।