नोहर: 1 ने दुकानदार को बातों में उलझाया, दूसरे ने काउंटर से 50 हजार पर कर दिया हाथ साफ, जाने कैसे खुला राज

 

नोहर पुलिस ने अनाज मंडी स्थित एक लोहे की दुकान के काउंटर से 50 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पंजाब के संगरूर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कई अन्य चोरियां कबूल की हैं। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

तीन युवकों ने दुकानदार को बातों में उलझाया

मामला 30 अप्रैल का है। तीन अज्ञात युवक नोहर की अनाज मंडी स्थित एक लोहे की दुकान पर पहुंचे। तीनों ने दुकानदार गिरीश मोदी को बातों में उलझाया और इसी दौरान काउंटर से 50 हजार रुपये चुराकर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 2 मई को दुकान मालिक के बेटे कन्हैयालाल मोदी ने नोहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

संपत्ति अपराध रोकथाम अभियान के तहत गिरफ्तारी

थाना प्रभारी अजय कुमार गिरधर के नेतृत्व में संपत्ति अपराध रोकथाम अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने हसनाम उर्फ खब्बू पुत्र हिरालाल जोगी (26) निवासी सुनाम, जिला संगरूर (पंजाब) को गिरफ्तार किया। टीम में एसआई रामप्रताप, एसआई जगदीश प्रसाद और कॉन्स्टेबल मुकेश शामिल रहे।

तीन राज्यों में दर्जनभर वारदातें कबूलीं

पूछताछ में आरोपी ने धनोला, बरनाला (पंजाब), कैथल, नरवाना, रतिया, दादरी (हरियाणा) और रावतसर (राजस्थान) सहित कई स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी को आदतन अपराधी बताया गया है।

दुकान मालिक गिरीश मोदी के बेटे राहुल मोदी हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। इससे मामले को अतिरिक्त चर्चा मिली है।

पुलिस अधीक्षक ने दी सफलता की जानकारी

जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में अपराधियों की धरपकड़ और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी रखे हुए है।