इंदिरा गांधी नहर में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 6  सदस्य थे सवार, सालासर जाते समय हुआ हादसा

चार को निकाला, महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम, तीन सकुशल, दो की नहर में तलाश
 
एक ही परिवार के सदस्य थे जीप में सवार, सालासर जाते समय गांव लखूवाली के पास हादसा

हनुमानगढ़। किशनगढ़ मेगा हाइवे स्थित गांव लखूवाली के पास मंगलवार सुबह बेकाबू हुई बोलेरो जीप इंदिरा गांधी नहर में गिर गई। हादसे के समय बोलेरो जीप में कुल छह जने सवार थे। इनमें से युवती व महिला सहित चार जनों को नहर से निकाल लिया गया। इसमें से महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

दो जने नहर के तेज बहाव में बह गए। उनकी तलाश जारी थी। गोताखोरों ने दोपहर को नहर से बोलेरो जीप भी ढूंढ निकाली। जीप सवार सभी व्यक्ति एक ही परिवार के थे और धोक लगाने सालासर जा रहे थे। सूचना मिलने पर लखूवाली चौकी तथा टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मृतक महिला का शव राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में रखवा परिजनों को सूचना दी। जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र के वार्ड 53 निवासी गुरदर्शन सिंह (50) पुत्र चन्द्र सिंह, मनप्रीत सिंह (28) पुत्र महेन्द्र सिंह, जसप्रीत सिंह (18) पुत्र गुरदर्शन सिंह, रमनदीप कौर (22) पुत्री गुरदर्शन सिंह, कमलजीत कौर (48) पत्नी गुरदर्शन सिंह तथा लखवीर सिंह (30) पुत्र महेन्द्र सिंह बोलेरो जीप में सवार होकर मंगलवार सुबह सालासर धोक लगाने के लिए रवाना हुए। वे करीब साढ़े छह बजे जब गांव लखूवाली को पार कर इंदिरा गांधी नहर के पुल के पास पहुंचे तो जीप अचानक बेकाबू होकर नहर में गिर गई। सुबह के समय नहर के पटड़े से ग्रामीणों का आवागमन अधिक था।

ऐसे में पुलिस को सूचना देेकर ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। जीप सवार जसप्रीत सिंह, रमनदीप कौर, लखवीर सिंह व कमलजीत कौर को निकालकर राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया। गुरदर्शन सिंह एवं मनप्रीत सिंह पानी के तेज बहाव में आगे बह गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान कमलजीत कौर ने दम तोड़ दिया। गुरदर्शन सिंह एवं मनप्रीत सिंह की तलाश के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के गोताखोरों को नहर में उतारा गया। दोपहर को गोताखोरों ने बोलेरो जीप तो ढूंढ निकाली लेकिन गुरदर्शन सिंह एवं मनप्रीत सिंह का पता नहीं चल पाया था। दोनों की तलाश जारी थी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गाड़ी के अनियंत्रित होने का कारण चालक को झपकी आना या तेज रफ्तार हो सकता है। घटना की सूचना मिलने पर विधायक गणेश राज बंसल व पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप के अलावा कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। डीएसपी मिनाक्षी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में बचाए गए तीनों लोग अभी उपचाराधीन हैं। उनके बयान लेकर व जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा। घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
 

पुलिस कर्मियों ने बचाई पानी में डूबती तीन जिंदगियां
जानकारी के अनुसार नहर में जीप गिरने की सूचना मिलने पर टाउन थाना अधीन आने वाली लखूवाली चौकी में तैनात हैड कांस्टेबल जसवंत सिंह, कांस्टेबल लखविन्द्र सिंह और बेगाराम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीन-चार आम नागरिकों की मदद से पानी में डूब रही रमनदीप कौर, जसप्रीत सिंह और लखवीर सिंह को नहर से सकुशल निकालकर उनकी जान बचाई। लापता गुरदर्शन सिंह एवं मनप्रीत सिंह की नहर में तलाश जारी थी।