राजस्थान में अनोखे भात की चर्चा चारों और... सफाईकर्मी की बेटी के विवाह में पुलिस ने भरा भात (मायरा)

थाना और वृताधिकारी कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मिलकर 56 हजार रुपए नकद और जरूरत का घरेलू सामान भेंट किया।
 

राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन थाने के पुलिस स्टाफ ने एक सफाई कर्मचारी धीरज कुमार की बेटी के विवाह में भात 'मायरा' भरकर सहयोग की मिसाल पेश की है। थाना और वृताधिकारी कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने मिलकर 56 हजार रुपए नकद और जरूरत का घरेलू सामान भेंट किया।

पुलिसकर्मियों ने विवाह के लिए एलईडी टीवी, डबल बेड, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, सिलाई मशीन, जूसर मशीन, सूटकेस, संदूक, प्लास्टिक मेज-कुर्सियां, कंबल, बेडशीट और सूट जैसे कपड़े भेंट किए। यह पहल पुलिस महकमे में कार्यरत एक कर्मचारी के प्रति संवेदनशीलता और आपसी सद्भाव का उदाहरण बनी।

इस अवसर पर वृताधिकारी मीनाक्षी और सिटी थानाधिकारी रामचंद्र कसवां सहित कई थाना स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। एएसआई कृष्णकुमार सारस्वत, खेमराज, गायत्री, पुरषोत्तम, हेड कॉन्स्टेबल चंद्रभान, सुरेश, संदीप कुकणा, अमरचंद, दिलबाग, भागमल, पप्पूराम, कॉन्स्टेबल भंवरलाल, कृष्णसिंह, योगेंद्र, सुरेंद्र, भागीरथ, मेजरसिंह, चालक सुभाष, संजीव, मलकीत, रेखा और अशोक सहित अनेक पुलिसकर्मियों ने इस नेक कार्य में सामूहिक रूप से योगदान दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विभाग में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी परिवार का हिस्सा है। ऐसे अवसरों पर उनके साथ खड़ा होना एक सामाजिक जिम्मेदारी है। इस तरह के सहयोग से न केवल संबंधित परिवार को संबल मिलता है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।

विवाह समारोह में पुलिस स्टाफ की इस पहल की काफी सराहना हुई। धीरज कुमार के परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि वे भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए इसी तरह आगे आते रहेंगे।