पत्रकार मिलन समारोह के रूप में सजेगा मीडिया जगत का मंच, हरियाणा व राजस्थान से 200 से अधिक पत्रकार लेंगे हिस्सा
पत्रकारों के क्रिकेट महाकुंभ एमपीएल 2026 की तैयारियां पूरी, ढूकड़ा में होगा भव्य शुभारंभ : सरपंच राजेन्द्र ढूकड़ा
नाथूसरी चौपटा (सिरसा)। पत्रकारिता के क्षेत्र में कलम और माइक के साथ-साथ खेल भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले 'मीडिया प्रीमियर लीग' 2026 के दूसरे महाकुंभ की सभी तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं। 'पत्रकारों के दूसरे क्रिकेट महाकुंभ एवं मिलन समारोह' का यह तीन दिवसीय ऐतिहासिक आयोजन आज 14 नवंबर 2026 (बाल दिवस) से जिला सिरसा के गांव ढूकड़ा स्थित शहीद सुरजीत सिंह खेल मैदान में शुरू होने जा रहा है।
कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे ग्राम पंचायत ढूकड़ा के सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा ने बताया कि गांव में मीडिया प्रीमियर लीग 2026 को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों की ओर से सभी पत्रकार साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गांव ढूकड़ा को इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी करने का जो सौभाग्य मिला है, उसके तहत आने वाले सभी आगुंतक अतिथियों व पत्रकारों के सुखद, सुरक्षित और यादगार कार्यक्रम के लिए वे पूर्ण रूप से तत्पर हैं। जिसमें जिला प्रशासन, हरियाणा राजस्थान के राजनेता, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य व समाजसेवी भी शामिल होंगे।
इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन का औपचारिक शुभारंभ आज 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध गोल्ड मेडलिस्ट दिव्यांग खिलाड़ी प्रमोद बिजारणियां शिरकत करेंगे। इस दौरान क्षेत्र व जिले के प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक नेता, समाजसेवी और बुद्धिजीवी वर्ग के गणमान्य लोग भी विशेष रूप से पहुंचकर पत्रकारों की इस अनूठी मुहिम की हौसला अफजाई करेंगे।
वहीं, इस रोमांचक टूर्नामेंट में चौपटा, सच कहूं, भादरा, नोहर, ऐलनाबाद, भट्टू सहित सिरसा और पड़ोसी राज्य राजस्थान से 200 से अधिक वरिष्ठ व युवा पत्रकार अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे व मिलन समारोह में शामिल होंगे।