UPSC Result 2025: दो बार मिली निराशा, फिर भी नहीं मानी हार; अब पंचकूला के एकांश ने किया पूरे देश में टॉप-3
हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले एकांश ढुल ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) सिविल सर्विस एग्जाम 2025 में पूरे देश में तीसरी रैंक (AIR 3) हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। आज घोषित हुए फाइनल नतीजों के बाद एकांश के घर पर जश्न और बधाइयों का तांता लगा हुआ है। खास बात यह है कि एकांश ने अपने तीसरे प्रयास में यह शानदार मुकाम हासिल किया है। इस बड़ी कामयाबी पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनके पिता और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कृष्ण ढुल को फोन कर विशेष बधाई दी है।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
एकांश के लिए यूपीएससी का यह सफर इतना आसान नहीं था। इससे पहले उन्होंने 2024 की परीक्षा में 342वीं और फिर उसके अगले प्रयास में 295वीं रैंक हासिल की थी।
लेकिन उन्होंने अपनी इस रैंक से समझौता नहीं किया। अपनी कमियों को सुधारते हुए उन्होंने तीसरी बार परीक्षा दी और सीधे टॉप-3 में अपनी जगह पक्की कर ली।
चंडीगढ़ से दिल्ली तक पढ़ाई
एकांश की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई चंडीगढ़ से ही हुई है। 10वीं कक्षा पास करने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ के मशहूर संत कबीर स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए एकांश दिल्ली चले गए। वहां उन्होंने देश के टॉप कॉलेज श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से बीए ऑनर्स की डिग्री हासिल की।
क्या है सफलता का मंत्र?
अपनी इस कामयाबी का पूरा श्रेय एकांश अपनी सेल्फ-स्टडी और कड़े अनुशासन को देते हैं। दिल्ली में रहकर उन्होंने कोचिंग ली और अपनी तैयारी को एक नई धार दी।
उनका मानना है कि अगर पहले या दूसरे प्रयास में मनमुताबिक रिजल्ट न मिले, तो निराश होने के बजाय दोगुनी मेहनत करनी चाहिए।
लहरों के विपरीत तैरकर इतिहास रचने वाले एकांश की यह कहानी उन लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो एक-दो असफलता के बाद डर कर अपने सपने बीच में ही छोड़ देते हैं।