हरियाणा के बुजुर्गों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब ट्रेन से होगी फ्री तीर्थ यात्रा, अयोध्या-वैष्णो देवी समेत इन जगहों पर ले जाएगी सरकार

CM सैनी का बुजुर्गों को तोहफा: खाने-पीने से लेकर रहने तक सब फ्री, ट्रेन से कीजिए अयोध्या-शिरडी की तीर्थ यात्रा
 
 

चंडीगढ़। हरियाणा के बुजुर्गों को अब विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आरामदायक ट्रेन का सफर मिलेगा। प्रदेश सरकार ने 'हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत वोल्वो बसों के बाद अब ट्रेन से मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाने का फैसला लिया है। इसके लिए चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के बीच एक अहम समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

अयोध्या से वैष्णो देवी तक का फ्री सफर, खाने-रहने का पूरा खर्च उठाएगी सरकार

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के अनुसार, इस नए समझौते के तहत प्रदेश के बुजुर्गों को अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी, शिरडी और शनि शिंगणापुर जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों पर ले जाया जाएगा। भविष्य में जरूरत के अनुसार इस सूची में अन्य तीर्थ स्थल भी जोड़े जा सकते हैं। इस यात्रा के लिए चलने वाली विशेष ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच सीधे तौर पर श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए आरक्षित रहेगा। सफर के दौरान चाय-खाने से लेकर गंतव्य रेलवे स्टेशन से बस द्वारा तीर्थ स्थल तक पहुंचाने और वहां ठहरने का पूरा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी।

सीएम नायब सिंह सैनी के निर्देश पर तैयार हुआ ट्रेन यात्रा का खाका

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर श्रद्धालुओं को ट्रेन से तीर्थ दर्शन करवाने की यह नई योजना बनाई गई है। इससे पहले सरकार अलग-अलग जिलों से हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के जरिए हजारों पात्र बुजुर्गों को अयोध्या सहित अन्य स्थलों के निशुल्क दर्शन करवा चुकी है। सरकार की ओर से इस एमओयू पर महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग और IRCTC की तरफ से सर्कल रिजनल मैनेजर श्री हरजोत सिंह संधू ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर रेलवे के अधिकारी हर्ष दीप, नितिन शर्मा और सूचना विभाग के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सिंह सांगवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जानिए किन्हें मिलेगा 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' का सीधा लाभ

'हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' विशेष रूप से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के लिए है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और उनके परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। इस निशुल्क योजना का लाभ लेने के लिए पात्र बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा के आधिकारिक पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य है।