हरियाणा के बुजुर्गों को हजूर साहिब फ्री यात्रा कराएगी सरकार, 15 अप्रैल तक ऐसे करें अप्लाई
सिरसा: हरियाणा सरकार 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत 5 मई को कुरुक्षेत्र से महाराष्ट्र के श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए एक स्पेशल ट्रेन चला रही है। इस योजना के जरिए 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग मुफ्त में तीर्थ यात्रा कर सकेंगे। इच्छुक लोग 15 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर अपने मोबाइल या नजदीकी सीएससी (CSC) सेंटर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 मई को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आने-जाने, खाने-पीने और ठहरने का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद उठाएगी। इस तीर्थ यात्रा योजना का लाभ उठाने के लिए परिवार की सालाना आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होनी चाहिए।
अधिकारियों ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए यात्रियों के पास हरियाणा का निवासी होने का प्रमाण और परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) होना बहुत जरूरी है। आवेदन के समय कोई भी सरकारी पहचान पत्र और यात्रा के लिए शारीरिक रूप से फिट होने का घोषणा पत्र देना होगा। 18 से 60 साल के लोग या जिनकी आय 1.80 लाख से ज्यादा है, वे पूरा किराया देकर इस ट्रेन में जा सकते हैं।
हरियाणा में मौसम को लेकर किसानों के लिए राहत भरी खबर, अगले 7 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना
योजना में बुजुर्ग अपने साथ एक सहायक को भी ले जा सकते हैं, लेकिन सहायक का पूरा किराया लगेगा। यह सुविधा हर तीन साल में सिर्फ एक बार मिलेगी और 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर सीटें दी जाएंगी। रजिस्ट्रेशन करने के बाद सिरसा के लोगों को 16 अप्रैल से पहले जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) कार्यालय में अपनी जानकारी देनी होगी ताकि उनका नाम आगे भेजा जा सके।