डबवाली न्यूज़: एसआई आनंद बेनीवाल ने संभाला शहर थाना प्रभारी का कार्यभार।
किसी भी अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए जन सहयोग जरूरी : आनंद बेनीवाल
डबवाली न्यूज़: शहर थाना प्रभारी अवतार सिंह का तबादला कालांवाली होने के बाद उनके स्थान पर साइबर थाना से तब्दील होकर आए सब इंस्पेक्टर आनंद बेनीवाल ने शहर थाना प्रभारी के तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने शहर थाना में कार्यरत अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की एक बैठक ली और उन्हें उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले हर नागरिक के साथ कर्मचारी मधुर व्यवहार करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका कार्य निपटाएं, कार्य में कौताही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रभारी आनंद बेनीवाल चाहरवाला ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य शहर में लॉ एंड ऑर्डर कायम करना व नशे पर नकेल कसना है। उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस का सहयोग करें अगर आपके आसपास कोई व्यक्ति नशे का काला कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई देता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जन सहयोग से सूचनाएं प्राप्त कर नशे का कारोबार करने वालों से सख्ती से निपटें। उन्होंने कहा कि दिन व रात्रि के समय गश्त को और बढ़ाया जाए ताकि भविष्य में किसी घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए।
उन्होंने कहा कि महिला विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लें और तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सीएम विंडो व पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें। इसके अलावा अदालत में चल रहे मुकदमों की बेहतर ढंग से पैरवी करें ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति सजा से बच न पाए। बेनीवाल ने कहा कि किसी भी अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए जन सहयोग जरूरी है। उनका सहयोग प्राप्त कर अपराध व अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें ताकि अनावश्यक परेशानी न हो।
गौरतलब है कि इससे पूर्व आनंद बेनीवाल चौटाला चौंकी प्रभारी , ओढ़ा थाना प्रभारी, पुलिस प्रवक्ता और साइबर थाना प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर प्रभारी के तौर पर रह चुके हैं। मौजूदा समय में वह शहर थाना प्रभारी के साथ साथ पुलिस प्रवक्ता के तौर पर भी कार्य कर रहे हैं।