Hisar News: धूल के गुबार में नहीं दिखे जवान, सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से 2 सैनिक शहीद

 

हिसार (हरियाणा): हरियाणा के हिसार जिले में सैन्य अभ्यास के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। भोजराज गांव के पास स्थित सेना के प्रशिक्षण केंद्र में टैंक की चपेट में आने से भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों जवान उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। उनकी पहचान नायक मनीष कुमार और नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण केंद्र में टैंकों और अन्य सैन्य वाहनों के साथ अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान कई टैंकों की आवाजाही से इलाके में धूल का गुबार उठ गया। बताया जा रहा है कि धूल के कारण आगे मौजूद जवान टैंक चालक को दिखाई नहीं दिए। इसी बीच एक टैंक दोनों जवानों की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की जान चली गई।

 धूल के गुबार के कारण नहीं दिखे जवान

बताया जा रहा है कि घटना के समय सैन्य क्षेत्र में टैंकों की मूवमेंट चल रही थी। टैंकों के चलने से काफी धूल उड़ रही थी। इसी दौरान सामने मौजूद दोनों जवान दिखाई नहीं दिए और यह दुखद हादसा हो गया। घटना के बाद सेना और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

 दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को मिली सूचना

मामले के जांच अधिकारी अशोक कुंडू के अनुसार, पुलिस को दोपहर करीब 3 बजे भोजराज गांव स्थित सेना प्रशिक्षण केंद्र में हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई और अस्पताल से आवश्यक रिपोर्ट प्राप्त की।

 परिवारों के बयान के बाद कराया पोस्टमार्टम

पुलिस ने दोनों जवानों के परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सेना ने दोनों जवानों के पार्थिव शरीर अपने सुपुर्द ले लिए। सेना की ओर से उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

 शामली और बदायूं के रहने वाले थे शहीद जवान

हादसे में शहीद हुए नायक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी थे, जबकि नायक अंकुश कुमार बदायूं जिले के रहने वाले थे। दोनों जवानों की असमय मौत से उनके परिवारों और परिचितों में शोक का माहौल है।

हिसार पुलिस ने दोनों जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति को नमन किया। सैन्य अभ्यास के दौरान हुए इस हादसे ने सभी को दुखी कर दिया है।