दुर्घटना पर इन 2 सरकारी योजनओं के तहत मिलते है 2 लाख रुपये, नहीं काटने दफ्तरों के चक्कर, सीधे खाते में आएंगे पैसे

 

केंद्र सरकार की दो महत्वाकांक्षी बीमा योजनाएं हर क्षेत्र के लोगों के लिए मुश्किल वक्त का सबसे बड़ा सहारा साबित हो रही हैं। अनहोनी या किसी बड़ी दुर्घटना के समय जब परिवार पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूटता है, तब प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत मिलने वाली दो लाख रुपये की मदद एक बड़ी राहत साबित हो रही है। ज्यादा से ज्यादा लोगो को इन योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नाममात्र के प्रीमियम वाली इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अपने नजदीकी बैंक या डाकघर में तुरंत संपर्क करें।

किसी भी सामान्य परिवार में कमाने वाले सदस्य के साथ अनहोनी होने पर पूरा घर आर्थिक रूप से टूट जाता है। ऐसी ही विकट परिस्थितियों से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने ये दोनों बीमा योजनाएं शुरू की हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य देश के हर तबके को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जो इन योजनाओं का लाभ लेना चाहते है उन्हे बहुत ही आसानी से इसका फॉर्म जिले के किसी भी बैंक या डाकघर से आसानी से मिल जाएगा।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना: 436 रुपये में जीवन का कवर

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना मुख्य रूप से एक जीवन बीमा पॉलिसी है, जो किसी भी कारण से होने वाली मृत्यु पर परिवार को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए व्यक्ति की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

योजना के तहत उपभोक्ता को सालाना केवल 436 रुपये का प्रीमियम जमा करवाना होता है। इतनी छोटी सी रकम के बदले में खाताधारक को पूरे 2 लाख रुपये के जीवन बीमा का संरक्षण मिलता है। यह योजना उन लोगों के लिए एक वरदान है जो निजी कंपनियों के महंगे इंश्योरेंस प्लान नहीं खरीद सकते।

महज 20 रुपये में दुर्घटना सुरक्षा की गारंटी

जीवन बीमा के साथ-साथ सरकार ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के जरिए दुर्घटनाओं के जोखिम को भी कवर किया है। सड़क हादसों या अन्य किसी दुर्घटना में होने वाली मौत अथवा पूर्ण अपंगता की स्थिति में यह योजना पीड़ित परिवार को सीधा सहारा देती है।

इस एक्सीडेंटल कवर योजना का दायरा काफी बड़ा है, जिसमें 18 से 70 वर्ष तक की आयु का कोई भी नागरिक अपना नामांकन करवा सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसके लिए सालाना प्रीमियम मात्र 20 रुपये तय किया गया है, जिसके ऐवज में दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा संरक्षण प्राप्त होता है।

क्लेम के लिए नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर

अक्सर लोगों के मन में यह डर रहता है कि सरकारी योजनाओं का पैसा आसानी से नहीं मिलता, लेकिन इन दोनों बीमा योजनाओं की प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और आसान बनाया गया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, उपभोक्ता के बैंक या डाकघर खाते से इन बीमा योजनाओं का प्रीमियम हर साल अपने आप (ऑटो डेबिट) कट जाता है, जिससे प्रीमियम जमा करने की तारीख याद रखने का झंझट खत्म हो जाता है।

दावे की स्थिति में भी पीड़ित परिवार को दलालों या बिचौलियों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। क्लेम पास होते ही पूरी राशि सीधे नॉमिनी या लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है। प्रशासन का पूरा जोर इस बात पर है कि सिरसा जिले का हर बैंक खाताधारक जल्द से जल्द इन योजनाओं से जुड़े ताकि उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके।