5 दिनों में सोना 3,300 रुपये और चांदी 14,000 रुपये सस्ती, क्या और भी टूटेगें भाव, देखें रिपोर्ट

20 जून 2026 को सोने-चांदी के दामों में इस सप्ताह भारी गिरावट आई है। MCX पर चांदी 13,985 रुपये प्रति किलो और सोना 3,309 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। मजबूत डॉलर, फेड की ब्याज दर बढ़ाने की संभावना और अमेरिका-ईरान युद्धविराम से सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना है।
 
 

नई दिल्ली। पिछले सप्ताह सोने-चांदी के दामों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की वायदा कीमत महज पांच कारोबारी दिनों में 13,000 रुपये प्रति किलो से ज्यादा फिसल गई है, जबकि सोना भी 3,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया है। शनिवार 20 जून को कमोडिटी मार्केट बंद रहने के कारण शुक्रवार 19 जून के भाव ही लागू माने जाएंगे।

सप्ताहभर में चांदी 13 हजार से ज्यादा सस्ती

MCX पर 3 जुलाई की एक्सपायरी वाली चांदी के वायदा भाव पर नजर डालें तो बीते शुक्रवार 12 जून को क्लोजिंग के समय एक किलो चांदी 2,46,186 रुपये पर बंद हुई थी। शुक्रवार 19 जून को कारोबार खत्म होने पर यह गिरकर 2,32,201 रुपये प्रति किलो पर आ गई। यानी पांच दिन में ही चांदी 13,985 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।

शुक्रवार 19 जून को अकेले एक दिन में चांदी 5,371 रुपये (2.3 फीसदी) टूटी। कारोबार के दौरान यह 2,31,079 रुपये प्रति किलो के निचले स्तर तक भी गई।

घरेलू बाजार में भी चांदी 10 हजार से ज्यादा सस्ती

इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट पर अपडेटेड रेट्स को देखें तो बीते शुक्रवार 12 जून को एक किलो चांदी 2,42,582 रुपये पर बंद हुई थी। 19 जून को कारोबार खत्म होने पर यह गिरते हुए 2,31,973 रुपये प्रति किलो पर आ गई। यानी घरेलू बाजार में चांदी 10,609 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।

सोने के दाम में भी बड़ी गिरावट

चांदी की तरह सोने के दाम में भी इस सप्ताह जोरदार गिरावट आई है। MCX पर 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 12 जून को 1,50,528 रुपये पर बंद हुआ था, जो 19 जून को गिरकर 1,47,219 रुपये पर आ गया। यानी पांच दिन में सोना 3,309 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।

अकेले शुक्रवार 19 जून को ही एमसीएक्स पर सोना 2,070 रुपये (1.39 फीसदी) टूटा। कारोबार के दौरान यह 1,47,040 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक गया।

24 कैरेट सोना 1.45 लाख के पार

घरेलू बाजार (IBJA) में 24 कैरेट सोने का भाव 13 जून को 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुआ था, लेकिन 19 जून को यह गिरकर 1,44,970 रुपये पर आ गया। यानी घरेलू बाजार में भी सोना 2,830 रुपये सस्ता हुआ।

हालांकि, अलग-अलग स्रोतों से मिले आंकड़ों में थोड़ा अंतर है। बिजनेस स्टैंडर्ड के मुताबिक, 20 जून को 24 कैरेट सोने का भाव 1,45,850 रुपये प्रति 10 ग्राम है। टाइम्स नाउ के अनुसार दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,46,010 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।

अलग-अलग कैरेट में क्या है सोने का भाव?

  • 20 जून 2026 (शनिवार) को विभिन्न कैरेट के सोने के दाम इस प्रकार हैं:
  • 24 कैरेट: 1,45,850 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट: 1,33,690 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • 20 कैरेट: 1,29,020 रुपये प्रति 10 ग्राम (अनुमानित)
  • 18 कैरेट: 1,17,430 रुपये प्रति 10 ग्राम (अनुमानित)
  • 14 कैरेट: 93,510 रुपये प्रति 10 ग्राम (अनुमानित)

शहरों के हिसाब से क्या है सोने का भाव?

शहर 24 कैरेट (प्रति 10 ग्राम) 22 कैरेट (प्रति 10 ग्राम)
दिल्ली ₹1,46,000 - ₹1,46,010 ₹1,33,840 - ₹1,33,850
मुंबई ₹1,45,850 - ₹1,45,860 ₹1,33,690 - ₹1,33,700
चेन्नई ₹1,48,030 - ₹1,48,040 ₹1,35,690 - ₹1,35,700
कोलकाता ₹1,45,850 - ₹1,45,860 ₹1,33,690 - ₹1,33,700

सोने-चांदी क्यों टूटे?

इस सप्ताह सोने-चांदी में आई भारी गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। अमेरिकी डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है। जब डॉलर मजबूत होता है तो सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ जाती है। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि वह ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। ब्याज दरें बढ़ने से सोने जैसी बिना ब्याज वाली धातु निवेशकों के लिए कम आकर्षक हो जाती है।

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते की खबर से भी वैश्विक बाजार में तनाव कम हुआ है। जब भू-राजनीतिक तनाव कम होता है तो निवेशक सोने-चांदी जैसे 'सुरक्षित निवेश' से अपना पैसा निकालकर अन्य जगहों पर लगाना शुरू कर देते हैं।