सुरेंद्र पूनिया बने हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन
खराक पूनिया के रहने वाले पूनिया की एक साल के लिए नियुक्ति, भाजपा में 22 साल से सक्रिय; बरवाला से लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव
सिरसा। हरियाणा सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हिसार जिले के खराक पूनिया निवासी सुरेंद्र पूनिया को हरियाणा टूरिज्म कॉर्पोरेशन (एचटीसी) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें हरियाणा पर्यटन निगम के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का चेयरमैन भी बनाया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से एक वर्ष की अवधि के लिए की गई है। हरियाणा के राज्यपाल के आदेशानुसार पर्यटन विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। हेरिटेज एंड टूरिज्म विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल ने 3 नवंबर 2026 को नियुक्ति संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया।
22 साल से भाजपा में सक्रिय हैं पूनिया
सुरेंद्र पूनिया लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। उनके पिता ज्ञानीराम गांव के दो बार सरपंच रह चुके हैं। सुरेंद्र पूनिया पिछले करीब 22 वर्षों से भाजपा में विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। वे भाजपा के जैविक ऊर्जा प्रकोष्ठ और किसान मोर्चा में अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। वर्ष 2012 में उन्हें जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बरवाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी लंबे समय से जुड़े हैं और संघ का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। संगठन में आगे बढ़ते हुए वे हिसार जिला अध्यक्ष और भाजपा प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे फतेहाबाद जिले के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। अब सरकार ने उन्हें हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी है।