नाथूसरी चौपटा में आंगनवाड़ी वर्करों की बैठक, कुपोषण मुक्त ब्लॉक बनाने का लिया संकल्प

 

महिला एवं बाल विकास विभाग नाथूसरी चौपटा के तत्वावधान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौपटा में ब्लॉक स्तरीय आंगनवाड़ी वर्कर की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रथम की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर रेनू ने की । जिसमें ब्लॉक की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर रेनू ने ​प्ले-स्कूल रिपोर्ट कार्ड और असेसमेंट रजिस्टर पर विशेष जोर बैठक के एजेंडे के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को प्ले-स्कूल रिपोर्ट कार्ड के वितरण और उनके सही अंकन के बारे में प्रशिक्षित किया। असेसमेंट रजिस्टर के सटीक रख-रखाव और उसे समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास का मूल्यांकन नियमित रूप से असेसमेंट रजिस्टर में दर्ज किया जाना चाहिए। इसके साथ ही, बच्चों की प्रगति रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा करने के लिए अभिभावक बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

आपके लिए सिरसा की अन्य खबरें

सिरसा के गुड़िया खेड़ा में जमींदारा कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग, 1 करोड़ 50 लाख से अधिक का नुकसान

गांव निर्बाण के पास टूटी गुड़िया खेड़ा माइनर, मूंगफली व धान की फसल जल मग्न

​पोषण अभियान और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

बैठक में आईसीडीएस की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। पूरक पोषाहार, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को दिए जाने वाले राशन की गुणवत्ता तथा उसके वितरण का पारदर्शी रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए। पीएचसी स्वास्थ्य टीम के सहयोग से बच्चों और माताओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

​कुपोषण मुक्त ब्लॉक बनाने का संकल्प

क्षेत्र को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए गंभीर रूप से कुपोषित और मध्यम कुपोषित बच्चों की पहचान कर विशेष देखभाल करने के  निर्देश दिए गए। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ दिलवाने और कार्य समय पर पूरा करने पर बल दिया गया।

​गृह-भ्रमण और समन्वय बढ़ाने के निर्देश

बैठक के अंत में प्रमुख निर्णय लेते हुए यह तय किया गया कि सभी आंगनवाड़ी वर्कर अपने केंद्रों पर रिपोर्ट कार्ड और असेसमेंट रजिस्टर का कार्य समय पर पूर्ण करेंगी। कुपोषण-मुक्त गांव/ब्लॉक बनाने का लक्ष्य पाने के लिए नियमित गृह-भ्रमण में तेजी लाई जाएगी। साथ ही, पीएचसी चौपटा की स्वास्थ्य टीम के समन्वय से आगामी टीकाकरण सत्रों को सुचारू रूप से चलाया जाएगा।

​बैठक के समापन पर सभी आंगनवाड़ी वर्करों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में सुपरवाइजर सुशीला, सुनैना, दीपिका, किरण, नीतू, अनीता, मंजू, सीता, सुमन, कलावती, कमला, अंजू, सुलोचना, रेखा, निर्मला, दया और संतोष सहित  आंगनवाड़ी वर्कर उपस्थित रहीं।