सिरसा में भारतीय मजदूर संघ ने भरी हुंकार, जगदीश लूना को जिला अध्यक्ष की कमान, जॉब सिक्योरिटी पर सरकार को घेरा
सिरसा: भारतीय मजदूर संघ की सिरसा इकाई के भव्य जिला अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से ऐलान कर दिया गया है। शहर के स्काउट चौक के निकट स्थित स्वामी विवेकानंद भवन में आयोजित इस प्रभावशाली अधिवेशन में नॉन टीचिंग कर्मचारी संघ के जगदीश लूना को नया जिला अध्यक्ष चुना गया है, जबकि अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ के चरणजीत वर्मा को एक बार फिर से जिला मंत्री की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम के गठन के साथ ही संगठन ने जॉब सिक्योरिटी एक्ट में हो रही देरी को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल भी फूंक दिया है।
अधिवेशन की शुरुआत उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोहनलाल गुप्ता ने दीप प्रज्वलित करके की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुरेश ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि मंच संचालन की कमान जिला मंत्री चरणजीत वर्मा ने बेहद कुशलता से संभाली।
मुख्य वक्ता के तौर पर सोहनलाल गुप्ता ने अपने संबोधन में संगठन की शक्ति और श्रमिक एकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वर्तमान में मजदूर वर्ग के सामने आ रही चुनौतियों से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और उनमें एक नई ऊर्जा भरने का काम किया।
जॉब सिक्योरिटी एक्ट की लेटलतीफी पर फूटा मजदूरों का गुस्सा
इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में जिले भर के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों से आए लगभग 127 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर जोरदार और तीखी चर्चा देखने को मिली।
सबसे ज्यादा आक्रोश जॉब सिक्योरिटी एक्ट की लगातार हो रही देरी को लेकर देखने को मिला। अधिवेशन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार बार-बार तारीखें बढ़ाकर कच्चे कर्मचारियों और मजदूरों के साथ बहुतत बड़ा अन्याय कर रही है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मजदूरों की समस्याओं का जिक्र करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 10 महीनों से मजदूरों की पंजीकरण कॉपियां नहीं बन पा रही हैं। इसके अलावा कई अहम विभागों को अब तक जॉब सिक्योरिटी एक्ट के दायरे में शामिल नहीं किया गया है और कर्मचारियों के फोन पर ओटीपी ना आने जैसी तकनीकी खामियां भी भारी परेशानी का सबब बनी हुई हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के हर एक कार्यकर्ता में भारी रोष है।
पुरानी कार्यकारिणी भंग, सर्वसम्मति से नई टीम का हुआ चुनाव
कार्यक्रम में जिला मंत्री चरणजीत वर्मा ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। तत्पश्चात अध्यक्ष सुरेश ने कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से भंग करने की घोषणा कर दी।
नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीवन सिंह ठाकुर ने चुनाव अधिकारी के तौर पर कमान संभाली। संगठन की पुरानी और लोकतांत्रिक परंपरा का पालन करते हुए बिना किसी विवाद के सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
जगदीश लूना को प्रधान और चरणजीत को फिर से मंत्री पद
नई कार्यकारिणी में नॉन टीचिंग कर्मचारी संघ के जगदीश लूना को सर्वसम्मति से जिले का नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ के चरणजीत वर्मा के पिछले काम को देखते हुए उन्हें पुनः जिला मंत्री की कुर्सी सौंपी गई है।
इसके अलावा, कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट यूनियन के बलविंदर सिंह और वित्तीय ठेका कर्मचारी संघ के कैलाश जाखड़ को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदीप और आयुष विभाग के इन्द्र को जिला सह-मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि भवन निर्माण संगठन के राजा को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भारत माता के जयघोष के साथ संघर्ष तेज करने का संकल्प
नई टीम के नामों का ऐलान होते ही पूरा भवन भारत माता की जय और मजदूर एकता जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। उपस्थित सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर अपनी नई लीडरशिप का जोरदार स्वागत किया।
इस अधिवेशन में अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, भवन निर्माण संगठन, सी.पी.एल.ओ., कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट यूनियन, आई.टी.आई. और आयुष विभाग सहित कई अन्य संगठनों के कर्मचारियों ने भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अधिवेशन का समापन इस कड़े संकल्प के साथ हुआ कि आने वाले दिनों में श्रमिक हितों की रक्षा और अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।