Sirsa News: मेहुवाला और डिंग के बीच रोड पर चलती कार में लगी आग, गाड़ी में 2 युवक थे सवार
हरियाणा के भट्टूकलां क्षेत्र के गांव मेहुवाला निवासी पंकज पुत्र साधु राम सिहाग अपने दोस्त विक्रम बैनीवाल पुत्र छोटूराम निवासी चूली खुर्द के साथ शनिवार को दवाई लेने के लिए सिरसा जा रहे थे। दोनों पंकज की कार (एचआर 80डी-7309) में सवार होकर भट्टूकलां से सिरसा की ओर निकले थे।
जानकारी के अनुसार जब वे मेहुवाला और डिंग के बीच पहुंचे तो अचानक कार के बोनट से शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनाई दी। स्थिति को भांपते हुए पंकज ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद दोनों ने नीचे उतरकर बोनट खोलकर जांच की तो उसमें तेज स्पार्किंग होने लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
आग लगने से कार को नुकसान पहुंचा, हालांकि समय रहते दोनों युवक वाहन से बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
गनीमत रही कि हादसे में दोनों कार सवार सुरक्षित रहे और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।