तरकांवाली की बेटी का कमाल: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी कलां की छात्रा रही रविना बैनीवाल ने रचा इतिहास, बीएससी फिजिक्स ऑनर्स में बनीं सीडीएलयू की यूनिवर्सिटी टॉपर
नाथूसरी चोपटा/सिरसा। ग्रामीण परिवेश से निकलकर सरकारी विद्यालय में पढ़ाई करने वाली छात्रा रविना बैनीवाल ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है। गांव तरकांवाली, जिला सिरसा निवासी रविना बैनीवाल पुत्री सतबीर बेनीवाल ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में बीएससी (फिजिक्स ऑनर्स) में 9.21 एसजीपीए प्राप्त कर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है।
रविना की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि विद्यालय, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। विद्यालय प्रभारी प्रिंसिपल सरिता चौधरी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रविना बैनीवाल राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूसरी कलां की साइंस स्ट्रीम के प्रथम बैच की छात्रा रही हैं।
विद्यालय में विज्ञान संकाय की शुरुआत के बाद प्रथम बैच की छात्रा द्वारा सीधे विश्वविद्यालय स्तर पर टॉप करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। रविना ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि यदि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, बेहतर शिक्षा वातावरण और मेहनत का साथ मिले तो सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी किसी से पीछे नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि रविना ने अपनी पढ़ाई के दौरान असाधारण प्रदर्शन करते हुए प्रथम से लेकर आठवें सेमेस्टर तक लगातार विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। लगातार आठ सेमेस्टर तक अपनी श्रेष्ठता बनाए रखना उनकी प्रतिभा, अनुशासन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम का प्रमाण है।
उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का उदाहरण बन गई है। रविना की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक सरकारी शिक्षण संस्थानों से प्राप्त की। ग्रामीण क्षेत्र की एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली छात्रा ने अपनी मेहनत के बल पर विश्वविद्यालय की सर्वोच्च उपलब्धि हासिल कर यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा या संसाधन की मोहताज नहीं होती।
दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय स्टाफ ने बताया कि रविना बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती छात्रा रही हैं। उन्होंने हर कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और शिक्षकों के मार्गदर्शन को पूरी लगन के साथ अपनाया।
विज्ञान विषय में उनकी विशेष रुचि और कठिन विषयों को समझने की क्षमता ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने में मदद की। रविना की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह, विद्यालय प्रभारी सरिता चौधरी, पीजीटी केमिस्ट्री सोहन सिंह, पीजीटी गणित रितु, पीजीटी फिजिक्स अजय सिंह, सदस्यों संदीप कुमार, लीलाधर, दलबीर सिंह, सतबीर सिंह, देवी लाल, राकेश, गीता रानी, सुलक्षणा, अंकिता विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए रविना को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
रविना की इस सफलता ने गांव तरकांवाली और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूसरी कलां का नाम शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।