Sirsa News: चौपटा के शक्कर मंदोरी में तूड़ी बनाते समय मशीन ने लगी आग, ट्रॉली समेत मशीन जलकर राख
Sirsa News: हरियाणा के सिरसा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी में काम के दौरान एक चलती हुई नई मशीन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गांव का किसान अशोक कुमार पुत्र श्री रामस्वरूप एक नई तूड़ी (भूसा) बनाने मशीन लेकर दूसरे किसान के खेत में तूड़ी बना रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन में एक चिंगारी उठी और देखते ही देखते पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मशीन पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मशीन के साथ-साथ पास खड़ी एक ट्रॉली भी उसकी चपेट में आकर जल गई।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बड़ी सूझबूझ का परिचय दिया। सबने मिलकर ट्रैक्टर को समय रहते वहां से हटा लिया। अगर ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आ जाता तो किसान को और भी ज्यादा नुकसान हो सकता था।
इस भीषण हादसे में किसान अशोक कुमार को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार हाल ही में करीब 3.5 लाख रुपये की यह नई तूड़ी बनाने वाली मशीन लेकर आए था और पहले ही सीजन में मशीन का इस तरह से जलकर राख हो से एक बड़ा झटका लगा है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बावजूद इसके, तब तक मशीन और ट्रॉली पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि मशीन के किसी हिस्से में शॉर्ट सर्किट या ज्यादा गर्मी के कारण यह हादसा हुआ होगा।
प्रशासन से पीड़ित किसान को तुरंत मुआवजा देने की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित किसान अशोक कुमार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि हरियाणा सरकार ने हाल ही में आग से हुए नुकसान के लिए मुआवजे का ऐलान किया है, ऐसे में प्रशासन को पीड़ित किसान की मदद करनी चाहिए।
गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में राज्य में आग से हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के आदेश दिए हैं। उन्होंने सभी उपायुक्तों को आग से हुई क्षति की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करके या टोल-फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर नुकसान की रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं।