सिरसा के डबवाली में एसडीएम का बड़ा फैसला, शहर में अतिक्रमण और सफाई को लेकर दिए सख्त निर्देश

 
डबवाली। शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था और सडक़ों पर बढ़ते अतिक्रमण पर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) अर्पित संगल ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (EO) सुरेंद्र कुमार के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान शहर की स्वच्छता को सुधारने और सार्वजनिक जगहों से हर हाल में अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजारों में हड़कंप मचना तय माना जा रहा है।

बाजारों और मुख्य मार्गों पर चलेगा डंडा

एसडीएम अर्पित संगल ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार को दो टूक निर्देश दिए हैं कि शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की तुरंत पहचान की जाए। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि सडक़ों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों से आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ एसडीएम ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने ईओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से सफाई कार्य करवाया जाए। कहीं भी कूड़ा-करकट जमा न होने पाए, इसकी जिम्मेदारी नगर परिषद की होगी।

विशेष रूप से बाजारों, कॉलोनियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से निगरानी रखने को कहा गया है ताकि आमजन को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।