नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गाँव ढूकड़ा में एक ही रात 10 ट्यूबवेलों की केबल चोरी, किसानों में दहशत
जमाल चौकी पुलिस को दी शिकायत, खेतों में सिंचाई व्यवस्था पर संकट
नाथूसरी चोपटा (सिरसा), 4 अगस्त। नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र के गांव ढूकड़ा में चोरों ने एक ही रात में बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए अलग-अलग खेतों में लगे 10 ट्यूबवेलों की केबल काटकर चोरी कर ली। अचानक हुई इस घटना से किसानों में भारी रोष और भय का माहौल है। खेती के सीजन में केबल चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इन किसानों के खेतों में हुई केबल चोरी
ग्रामीणों के अनुसार चोर रात के समय खेतों में घुसे और ट्यूबवेलों की महंगी केबल काटकर ले गए। सुबह जब किसान खेतों में पहुंचे तो कई ट्यूबवेलों की वायरिंग कटी हुई मिली और केबल गायब थी। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। चोरी की इस वारदात में जिन किसानों के ट्यूबवेल को निशाना बनाया उनमें बलराम पुत्र भीयाराम भाटिया, राजाराम पुत्र नानक राम गोदारा, धर्मपाल पुत्र उदयराम गोदारा (गुड़ियाखेड़ा), सुनील शर्मा पुत्र सांवत राम शर्मा, सुभाष पुत्र ओमप्रकाश नादवाल सहित अन्य किसानों के खेतों में केबल चोरी हो गई ।
शिकायत जमाल चौकी पुलिस को दी
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में ट्यूबवेलों की केबल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। किसानों ने इस मामले की शिकायत जमाल चौकी पुलिस को दी है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि एक ओर खेतों में फसल की सिंचाई जरूरी है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की चोरियां उन्हें आर्थिक रूप से और अधिक नुकसान पहुंचा रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोर गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।