Sirsa News: ऐलनाबाद की 38 गौशालाओं को दिए जाएंगे 2.96 करोड़ के अनुदान चैक, भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह करेगें वितरण

 

सिरसा जिले के ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में बेसहारा गोवंश के संरक्षण और गौशालाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए हरियाणा सरकार ने खजाना खोल दिया है। हरियाणा गौ सेवा आयोग की ओर से ऐलनाबाद की 38 गौशालाओं को कुल 2 करोड़ 96 लाख 26 हजार 680 रुपये की भारी-भरकम अनुदान राशि जारी की गई है। भारतीय जनता पार्टी के सिरसा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह और ऐलनाबाद से भाजपा प्रत्याशी रहे अमीरचंद मेहता 8 मई को भव्य कार्यक्रमों के दौरान गौशाला प्रबंधकों को अनुदान के यह चैक सौंपेंगे। यह राशि गौशालाओं में चारे की उचित व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च की जाएगी।

ढाणी शेरांवाली और माखोसरानी में होगा भव्य आयोजन

चैक वितरण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार, 8 मई को दो अलग-अलग स्थानों पर भव्य आयोजन किए जाएंगे। पहला कार्यक्रम सुबह ठीक 10 बजे ऐलनाबाद के ढाणी शेरांवाली रोड स्थित श्री कृष्ण गौशाला में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम 5 बजे गांव माखोसरानी स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला में दूसरे चरण का कार्यक्रम संपन्न होगा। इन आयोजनों में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, प्रशासनिक अधिकारी और गौसेवक भारी संख्या में शिरकत करेंगे।

गौ संरक्षण में सिरसा जिला पूरे प्रदेश में अव्वल

हरियाणा सरकार प्रदेश में बेसहारा गोवंश को सड़कों से हटाकर गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष ग्रांट दे रही है। पूरे सिरसा जिले की बात करें तो यह गौसेवा के मामले में आज पूरे प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। जिले में सर्वाधिक 138 पंजीकृत गौशालाएं संचालित हो रही हैं। सरकार की ओर से इन सभी गौशालाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिले भर में कुल 10 करोड़ 30 लाख 91 हजार 520 रुपये की अनुदान राशि का वितरण किया जा रहा है, जिसमें से करीब तीन करोड़ रुपये केवल ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में आए हैं।

भाजपा राज में 215 से बढ़कर 619 हुई गौशालाएं

अनुदान राशि जारी होने पर एडवोकेट यतींद्र सिंह ने राज्य सरकार की नीतियों की जमकर सराहना की। पिछली सरकारों के कार्यकाल से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने से पहले पूरे हरियाणा में मात्र 215 गौशालाएं ही पंजीकृत थीं। वर्तमान सरकार की दूरदर्शी नीतियों और प्रोत्साहन के चलते आज यह संख्या बढ़कर 619 तक पहुंच गई है। इन गौशालाओं में आज लगभग साढ़े चार लाख गोवंश का सुरक्षित पालन-पोषण किया जा रहा है, जो सरकार की गौमाता के प्रति सच्ची श्रद्धा और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

गौसेवकों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील

हरियाणा सरकार द्वारा समय-समय पर दी जा रही यह आर्थिक सहायता न केवल गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की भावना को भी मजबूत कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं और गौभक्तों से विशेष अपील की है कि वे 8 मई को होने वाले इन दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और गौसेवा के इस महाअभियान को सफल बनाएं।