रुपावास की बेटी ने रचा इतिहास, जीता गोल्ड मेडल, गांव में खुशी की लहर
नाथुसरी-चोपटा। क्षेत्र के गांव रूपावास की बेटी गायत्री ने 16वीं हरियाणा सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में 3000 मीटर स्टीपलचेज (बाधा दौड़) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर गांव का नाम रोशन किया है।
गांव रूपावास में खुशी का माहौल ह व परिजनों को लोग घर जाकर बधाई दे रहे हैं। यह जानकारी देते हुए केआरएम कॉलेज के कोच डॉ. जसवीर जाखड़ ने बताया कि द्रोणाचार्य स्टेडियम कुरुक्षेत्र में 30 व 31 मई को आयोजित 16वीं हरियाणा सीनियर स्टेट स्टीपलचेस चैंपियनशिप में गांव रूपावास की होनहार खिलाड़ी गायत्री पुत्री रामचंद्र स्वामी ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
उन्होंने बताया कि गांव के ही खेल स्टेडियम में तैयारी करते हुए कोच श्यामसुंदर पूनियां के मार्गदर्शन में गायत्री ने यह सफलता हासिल किया है। गायत्री के पिता रामचंद्र ने बताया कि गायत्री शुरू से ही खेलों में सक्रियता से भाग लेती रही है। गायत्री ने वर्ष 2023 में 12वीं कक्षा के दौरान दौड़ प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज पदक जीता था।
खिलाड़ी गायत्री केआरएम कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें बहुत खुशी है कि उनकी बेटी ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्रामीण लगातार बधाई दे रहे हैं और गांव में पहुंचने पर गायत्री का स्वागत किया जाएगा।