हरियाणा के सिरसा सहित 11 शहरों में दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक सिटी बसें, जाने कब शुरू होगी बस सेवा
चंडीगढ़: हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के तहत अब प्रदेश के 11 और शहरों में हरियाणा इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य सभी जिला मुख्यालयों को सस्ती और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा से जोड़ना है।
मिली जानकारी के अनुसार, योजना के पहले चरण में सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल और हांसी को शामिल किया गया है। इन सभी शहरों में शुरुआत के तौर पर 10-10 इलेक्ट्रिक बसों की सर्विस शुरू की जाएगी। इससे आम लोगों को आरामदायक सफर करने में मदद मिलेगी और निजी वाहनों पर उनकी निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी।
बसों के सुचारू संचालन के लिए परिवहन विभाग ने बुनियादी ढांचा तैयार करने की रूपरेखा भी बना ली है। इसके तहत सभी संबंधित शहरों के बस अड्डों पर दो-दो इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस पूरी योजना को धरातल पर उतारने में लगभग चार महीने का समय लग सकता है और इसके लिए विस्तृत कार्य योजना पर काम चल रहा है।
इस नई पहल से न केवल पर्यावरण को फायदा होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिएर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार की मंशा है कि आने वाले समय में इस योजना का विस्तार बाकी बचे शहरों में भी किया जाए। इससे प्रदेशभर में एक साफ-सुथरा और सुलभ परिवहन नेटवर्क तैयार हो सकेगा।