हरियाणा दिवस पर पंचायत भवन में सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने रागिनी और नृत्य से बांधा समां

 

हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में हीरक जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से हरियाणवी संस्कृति और प्रदेश की परंपराओं की खूबसूरत झलक दिखाई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रागिनी, एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में हरियाणा की लोक संस्कृति, पारंपरिक पहनावे, रीति-रिवाजों और लोकगीतों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

 प्रतिभागियों और विजेताओं को किया सम्मानित

सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों और प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। उन्हें स्कूल शिक्षण सामग्री की किट, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।

कुरुक्षेत्र के राज्य स्तरीय समारोह का दिखाया लाइव प्रसारण

समारोह में कुरुक्षेत्र में आयोजित हरियाणा दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इस मुख्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को हरियाणा के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला। समारोह में हरियाणवी लोक संस्कृति की झलक ने हरियाणा दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।