सिरसा में इन किसानों का होगा पूरा ब्याज माफ, 31 मार्च से पहले उठाएं लाभ
सिरसा: हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को कर्ज मुक्त बनाने के लिए हरियाणा वन टाईम सेटलमेंट योजना' शुरू की है, जो किसान इस योजना का लाभ उठाना चाहते है उसके पास 31 मार्च 2026 तक का आखिरी मौका है। सिरसा के राज्य सहकारी कृषि एवं भूमि विकास बैंक (लैंड मोर्टगेज बैंक) के पुराने कर्जदार किसान इस योजना के तहत अपना बकाया चुकाकर ब्याज में भारी छूट पा सकते हैं। सबसे बड़ी राहत मृतक किसानों के परिवारों और विधवाओं को दी गई है, जिन्हें सिर्फ मूलधन जमा करना होगा और उनका पूरा ब्याज माफ कर दिया जाएगा।
इस योजना की प्रगति और अंतिम चरण को लेकर बुधवार को जिला प्राथमिक सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक, सिरसा में निदेशक मंडल की एक अहम बैठक हुई। बैंक परिसर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन प्रोमिला ढिल्लों ने की, जिसमें बैंक के सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत सिरसा में अब तक किसानों को 2.19 करोड़ रुपये की भारी छूट का सीधा फायदा दिया जा चुका है। उन्होंने साफ किया कि यह सेटलमेंट योजना बैंक के सभी प्रकार के कर्जों पर लागू है। मिली जानकारी के अनुसार, जो भी कर्जदार किसान 31 मार्च 2022 तक बैंक की लिस्ट में डिफाल्टर घोषित हो चुके हैं, वे सीधे तौर पर इस छूट के हकदार हैं।
अधिकारियों ने इसे किसानों के लिए अपना कर्ज हमेशा के लिए खत्म करने का एक सुनहरा अवसर बताया है। बैंक प्रबंधन ने सिरसा जिले के सभी डिफाल्टर किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द बैंक शाखा में संपर्क करें और 31 मार्च 2026 से पहले इस बड़ी राहत योजना का फायदा उठाएं।