हरियाणा में व्यापार मंडल का बड़ा विस्तार: सिरसा में नई युवा टीम का ऐलान, बजरंग गर्ग ने सौंपे नियुक्ति पत्र
सिरसा, 9 मार्च। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल ने राज्य में उद्योगों और व्यापार को नई दिशा देने के लिए युवा शक्ति पर दांव खेला है। इसी कड़ी में सिरसा में व्यापार मंडल की युवा इकाई का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव और प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें नई जिम्मेदारियां दीं। इस बड़े संगठनात्मक बदलाव में हेमंत गुप्ता को सिरसा युवा इकाई का प्रधान नियुक्त किया गया है।
युवाओं के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी, इन चेहरों को मिली कार्यकारिणी में जगह
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और व्यापारियों की आवाज बुलंद करने के लिए एक विस्तृत टीम तैयार की गई है। नई कार्यकारिणी में संदीप मिड्ढा और अमित साहू वाला को संरक्षक की अहम भूमिका दी गई है, जबकि अंकित कनोडिया वरिष्ठ उप प्रधान और यशदीप कक्कड़़ महासचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा रोहित शर्मा, रूपेश सिड़ाना, इश सेठी और विनय शर्मा को उप प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कोषाध्यक्ष का जिम्मा पवन गर्ग संभालेंगे। वहीं गौतम शारदा, संदीप डिंग वाला, अनुराग ग्रोवर और केशव बंसल को सचिव बनाया गया है। संगठन के विस्तार और प्रचार-प्रसार के लिए विकास जिंदल और प्रशांत सर्राफ को संगठन मंत्री, गगन साहनी को प्रचार सचिव और अमित गोयल व हर्षित अरोड़ा को प्रचार मंत्री नियुक्त किया गया है। इनके साथ ही दुर्गेश अरोड़ा, राजीव तनेजा, दिनेश बंसल सहित दो दर्जन से अधिक युवाओं को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल कर टीम को मजबूती दी गई है।
खुद का व्यापार कर तरक्की करेंगे युवा, बजरंग गर्ग ने बताया 'मास्टरप्लान'
नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने स्पष्ट किया कि युवा वर्ग ही देश और प्रदेश का असली भविष्य है। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में व्यापार मंडल की युवा इकाई का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवाओं को आगे लाकर राज्य में व्यापार और उद्योगों को पहले से ज्यादा गति दी जा सके।
गर्ग के मुताबिक, ज्यादा से ज्यादा युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें अपना खुद का व्यापार शुरू करने और उसमें तरक्की करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने भी नई युवा टीम का स्वागत करते हुए उन्हें जिले में व्यापारिक हितों के लिए काम करने की शुभकामनाएं दीं।