Sirsa News: हिसार-दिल्ली रूट की समय सारिणी में हुआ बदलाव,  नाराज सांझा मोर्चा ने जीएम को सौंपा ज्ञापन

 

सिरसा: हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा, सिरसा डिपो के पदाधिकारियों ने हिसार-दिल्ली रूट की पुरानी समय सारिणी में बिना अनुमति किए गए बदलाव के विरोध में रोडवेज महाप्रबंधक कुलदीप जांगड़ा को ज्ञापन सौंपा। सुरेंद्र बैरागी सचिव, लादू राम लूणा, शेरसिंह खोड रोडवेज कर्मचारी यूनियन 1004 (महासंघ), पृथ्वी चाहर प्रधान एसकेएस, सुरेंद्र निरानिया प्रधान बीएमएस, प्रवीन बालसमंद सचिव रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ और अमरजीत प्रधान जागृति मंच संयुक्त रूप से मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारी नेताओं ने आरोप लगाया कि हिसार आरटीओ ने हिसार-दिल्ली रूट की चल रही समय सारिणी में मनमाने तरीके से बदलाव कर दिया है, जो प्राइवेट गाड़ियों को फायदा पहुंचाने की मंशा से किया गया है। पदाधिकारियों का कहना है कि यह फैसला न सिर्फ यात्रियों बल्कि रोडवेज विभाग के लिए भी घातक है और लंबे समय से चली आ रही सेवा में व्यवधान पैदा करेगा।

पिछले कुछ समय से हरियाणा रोडवेज में निजीकरण की आशंका और प्रबंधन की कथित मिलीभगत के आरोप लगातार बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में हिसार आरटीओ द्वारा बिना किसी ठोस आधार के हिसार-दिल्ली बसों का टाइम टेबल बदलना कर्मचारियों के गुस्से का सबब बना है। सांझा मोर्चा का आरोप है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि प्राइवेट बस ऑपरेटरों को ज्यादा से ज्यादा सवारी मिल सके और सरकारी विभाग को नुकसान उठाना पड़े। ज्ञापन के जरिए मांग की गई है कि तुरंत इस बदलाव को रद्द किया जाए और पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए।

Sirsa News: वीटा मिल्क प्लांट में दूध रेट कटौती के खिलाफ किसानों ने मोर्चा खोला, दी ये बड़ी चेतावनी

पदाधिकारियों ने रोडवेज महाप्रबंधक को साफ चेतावनी दी है कि अगर समय सारिणी में किए गए इस बदलाव को नहीं रोका गया तो सांझा मोर्चा आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले पर प्रदेश कार्यकारिणी से विचार-विमर्श कर डिपो के गेट बंद करने तक की नौबत आ सकती है। ऐसे में अगर कोई बड़ा आंदोलन होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी डिपो प्रशासन की होगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा सरकार की नीतियों और अधिकारियों की कार्यशैली के खिलाफ कई बार सड़कों पर उतर चुका है।