हरियाणा के पूर्व खिलाड़ियों के लिए बंपर मौका: सरकार हर जिले में खोल रही 'खेलो इंडिया सेंटर', ऐसे करें अप्लाई

 

सिरसा। अगर आप खेलों में नेशनल या इंटरनेशनल लेवल पर खेल चुके हैं और अब युवाओं को कोचिंग देकर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं, तो सरकार आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आई है। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने हरियाणा के हर जिले में एक-एक 'खेलो इंडिया लघु केंद्र' (Khelo India Small Centre) खोलने का बड़ा फैसला लिया है। 

सबसे खास बात यह है कि इन केंद्रों को चलाने की पूरी कमान पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों के हाथों में ही दी जाएगी। सिरसा के जिला खेल अधिकारी (DSO) जगदीप ने बताया कि इस योजना का फायदा उठाने के लिए पात्र पूर्व खिलाड़ी 1 जून 2026 तक अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं।

सोनीपत के बहालगढ़ (जोशी चौहान) स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र की तरफ से इसके पक्के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार का सीधा मकसद है कि जिन खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है, उनके तजुर्बे का फायदा अब ग्राउंड लेवल पर नए बच्चों को मिले। इन लघु केंद्रों के जरिए पूर्व खिलाड़ियों को न सिर्फ खेल से जुड़े रहने का मौका मिलेगा, बल्कि वे अपनी देखरेख में आने वाले कल के मेडल विजेता भी तैयार कर सकेंगे।

हरियाणा में नौकरियों की होगी बारिश! CM सैनी ने लागू की 'Make in Haryana Policy 2026', पढ़ें युवाओं को क्या मिलेगा

इस सेंटर को चलाने का जिम्मा हर किसी को नहीं मिलेगा, इसके लिए खेल विभाग ने पात्रता की कुछ पक्की शर्तें तय की हैं। जिला खेल अधिकारी के मुताबिक, आवेदन करने वाला पूर्व चैंपियन एथलीट सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय (National) या अंतरराष्ट्रीय (International) स्तर का खिलाड़ी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही सबसे बड़ी शर्त उम्र की है। आवेदन करने वाले खिलाड़ी की उम्र 40 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अगर आपकी उम्र 40 पार कर चुकी है, तो आप इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगे।

आवेदन कैसे करें (पूरी प्रक्रिया):

  1. सबसे पहले किसी भी कार्य दिवस (वर्किंग डे) में अपने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ सिरसा के जिला खेल कार्यालय (District Sports Office) में जाएं।
  2. कार्यालय से 'खेलो इंडिया लघु केंद्र' के संचालन के लिए तय किया गया आधिकारिक आवेदन पत्र (फॉर्म) प्राप्त करें।
  3. फॉर्म में अपनी सारी जानकारी सही-सही भरें और उसके साथ अपने खेल अचीवमेंट के सर्टिफिकेट (नेशनल/इंटरनेशनल), उम्र के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो की कॉपी नत्थी करें।
  4. पूरी तरह से तैयार इस फाइल को 1 जून 2026 को शाम तक उसी कार्यालय में संबंधित अधिकारी के पास जमा करवा दें।