पूर्व विधायक कामरेड बलवान पूनिया के बेटे शुभम पूनिया की शादी गांव कुम्हारियां के सरपंच रूपेश बेनिवाल की बेटी दीपाशा से 15 दिसंबर को
Chopta Plus News। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव कुम्हारियां के सरपंच रूपेश बेनिवाल की बेटी दीपाशा की शादी राजस्थान के भादरा के पूर्व विधायक कामरेड बलवान पूनिया के बेटे शुभम पूनिया से होने जा रही है। दोनों परिवारों ने शादी की तारीख 15 दिसंबर तय की है।
शादी की तारीख तय होने के बाद राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव मलखेड़ा में दोनों परिवारों की मौजूदगी में पीले चावल की रस्म निभाई गई। इसके साथ ही दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कपड़ों और अन्य खरीदारी के साथ शादी के कार्ड छपवाने की तैयारी भी चल रही है।
दोनों परिवारों के बीच 23 मार्च को रिश्ता तय हुआ था। इस दौरान गांव कुम्हारियां में सगाई समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें पूर्व विधायक बलवान पूनिया और उनके परिवार के सदस्यों ने दीपाशा को आशीर्वाद दिया था। अब 10 नवंबर को सरपंच रूपेश बेनिवाल परिवार सहित बलवान पूनिया के पैतृक गांव मलखेड़ा पहुंचे, जहां 15 दिसंबर को विवाह करने का निर्णय लिया गया।
शादी में कई राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना
इस विवाह समारोह में इनेलो, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस और भाजपा से जुड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। सिरसा और भादरा क्षेत्र की आपसी नजदीकी के चलते दोनों इलाकों में इस रिश्ते को लेकर चर्चा है।
45 वर्षीय रूपेश बेनिवाल गांव कुम्हारियां में पहली बार सरपंच बने हैं। वह कई वर्षों से इनेलो से जुड़े हैं और खेती-बाड़ी करते हैं। उनके पास करीब 35 एकड़ पुश्तैनी कृषि भूमि है। उनकी पत्नी परमिला आशा वर्कर हैं। बेटी दीपाशा 23 वर्ष की हैं और बीए पास हैं।
वहीं बलवान पूनिया राजस्थान के भादरा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के पूर्व विधायक रह चुके हैं। वह किसान परिवार से संबंध रखते हैं और उनका डेयरी फार्म भी है। उनके बड़े बेटे शुभम लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं।