Media Premier League 2026: राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर भव्य समापन, सच कहूं को हराकर रमजा भादरा की टीम ने जीता खिताब
राष्ट्रीय चौपटा पत्रकार संघ और MPL मीडिया प्रीमियर लीग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में गांव ढूकड़ा स्थित शहीद सुरजीत सिंह खेल मैदान में नशा मुक्ति अभियान व पत्रकार मिलन समारोह के रूप में आयोजित तीन दिवसीय 'मीडिया प्रीमियर लीग' 2026 का रविवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर भव्य समापन हुआ।
प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर 'सच कहूं' की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 65 रनों का लक्ष्य दिया, जिसका पीछा करने उतरी रमजा भादरा की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और शुरुआती 3 झटके जल्दी लगने के बाद एक समय मुकाबला बराबरी पर आ गया था, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने सूझबूझ दिखाते हुए लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे युवा कांग्रेस नेता और ऐलनाबाद हल्के के विधायक भरत सिंह बैनीवाल के बेटे सुमित बैनीवाल ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेलों को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए और समाज हित में इस प्रकार के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इसके अतिरिक्त डीएसपी राजेश कुमार ने भी कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचकर युवाओं व खिलाड़ियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और नशे की बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी।
भादरा के पूर्व विधायक सुरेश भड़िया, भाजपा नेता अमीरचंद महता व चौपटा सरपंच यूनियन ने भी पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया । जिसमें रीटा कासनियां, मनोज बैनीवाल, वेदप्रकाश शर्मा, विनोद बांगड़वा, संदीप गिगोरानी, रघुवीर गुसाईआना, दलीप छींपा और विक्रम कालेरा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंतिम दिन खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में 'सच कहूं' की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 126 रन बनाए थे, जिसके जवाब में 'रमजा नोहर' की टीम केवल 70 रन ही बना सकी और सच कहूं ने फाइनल में जगह बनाई थी। समाजसेवक सुरेश ढाका को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय चौपटा पत्रकार संघ द्वारा विशेष सम्मान दिया गया ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र ढाबा, प्रवक्ता सुरेश शर्मा, नवदीप सेतिया, हैप्पी सिंह सहित हरियाणा और राजस्थान के कोने-कोने से आए भारी संख्या में पत्रकार राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर एकत्रित हुए और अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में विजेता व उपविजेता टीमों सहित कार्यक्रम में पहुंचे सभी पत्रकार साथियों व विशिष्ट अतिथियों को मेजबान सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र ढाबा तथा राष्ट्रीय चौपटा पत्रकार संघ के सदस्यों प्रधान नरेश बैनीवाल, साहबराम माली, जगत परदेशी, सतबीर सहारण, भगत सिंह, हनुमान पूनिया, यश भांभू, संदीप कुमार और पत्रकार महेंद्र मेहरा द्वारा बैज लगाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।