नाथूसरी चौपटा में खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव, 450 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की हरियाणवी संस्कृति की झलक
नाथूसरी चौपटा। खंड नाथूसरी चौपटा में खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यतिन्द्र सिंह, जिला प्रधान भाजपा, सिरसा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर ढिढारिया ने की, जबकि पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी जसपाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
हरियाणवी विरासत एवं संस्कृति की थीम पर आयोजित उत्सव में करीब 450 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताएं दो आयु वर्गों—कक्षा 5 से 8 तथा कक्षा 9 से 12—में आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस, सोलो डांस, हरियाणवी रागिनी और स्किट के माध्यम से लोक संस्कृति, परंपराओं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि यतिन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक-एक पेड़ लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने खंड नाथूसरी चौपटा के विद्यार्थियों, विद्यालयों और शिक्षकों को शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम व्यक्तित्व विकास का माध्यम: सतबीर ढिढारिया
खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर ढिढारिया ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मंच पर आने के अवसर का भरपूर लाभ उठाने और अपने व्यक्तित्व को निरंतर निखारने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर है।
सिरसा के 6 गांवों में सिंचाई के पानी का संकट, किसानों का धरना; अवैध पाइप-मोटर हटाने की मांग
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विशिष्ट अतिथि जसपाल सिंह ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी हरियाणवी संस्कृति के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है।
उत्सव में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों, शिक्षकों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में हरियाणवी लोक संस्कृति, परंपराओं, संस्कारों और युवा प्रतिभाओं का संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नोडल अधिकारी उमेद सिंह ढाका, कोऑर्डिनेटर राजेश मल्होत्रा, जजमेंट टीम की नोडल मोना पुरी तथा कुलदीप सिंह, सतबीर सिंह, दलवीर सिंह और अनीता का विशेष योगदान रहा। धर्मेंद्र डूडी और विवेक कुमार ने मंच संचालन किया।