सिरसा: नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड पर गर्मी से बेहाल लोगों को मिली राहत, समाजसेवियों ने पिलाई ठंडे पानी की छबील

 

नाथूसरी चौपटा (सिरसा)। हरियाणा में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से हर कोई बेहाल है। ऐसे में तपती धूप में सफर करने वाले राहगीरों और बस यात्रियों को बड़ी राहत देने के लिए नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड पर समाजसेवियों की तरफ से ठंडे और मीठे पानी की छबील लगाई गई। बस स्टैंड से गुजरने वाले हर मुसाफिर को रोक-रोक कर ठंडा जल पिलाया गया, जिससे गर्मी से पस्त लोगों के चेहरों पर काफी सुकून देखने को मिला।

इस भयंकर गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है। गुरुकुल के संस्थापक मास्टर दिनेश कुमार जांगड़ा ने बताया कि पारा लगातार आसमान छू रहा है और ऐसे में घरों से बाहर काम के लिए निकलने वाले लोगों का प्यास से बुरा हाल हो जाता है। इसी को देखते हुए राहगीरों की सेवा का यह फैसला लिया गया, ताकि उन्हें इस चिलचिलाती धूप में थोड़ी राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा दुनिया में कोई धर्म नहीं है और इलाके में ऐसी सेवा भावना को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। पानी पीकर राहत महसूस कर रहे मुसाफिरों ने भी इस नेक काम की जमकर तारीफ की।

नाथूसरी चौपटा बस स्टैंड पर पानी पिलाने का यह पूरा सेवा कार्य सिरसा के जीएम कुलदीप जांगड़ा के आशीर्वाद और उनकी विशेष प्रेरणा से संपन्न हो पाया। इस महादान में चौपटा इलाके के कई गणमान्य लोगों, युवाओं और महिलाओं ने तपती धूप में खड़े होकर अपना पूरा सहयोग दिया।

सिरसा में भीषण गर्मी के बीच PNB एसोसिएशन का बड़ा कदम, बेजुबान पक्षियों के लिए बांटे 160 मिट्टी के सकोरे

छबील के इस सफल आयोजन में समाज के हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस पुण्य कार्य में मुख्य रूप से सरदार कुलवंत सिंह, डॉ. सुखदेवी एलएचवी, डॉ. रामानंद, स्टाफ नर्स जसपाल कौर, रामस्वरूप सोनी, राजेंद्र जांगड़ा, डॉ. इंद्र सिंह जांगड़ा, जयबीर जांगड़ा, सुभाष बैनीवाल, रामनिवास शर्मा, लक्ष्मण स्वामी, रक्षित, साजन, सुरेंद्र रोहिल, कार्तिक जांगड़ा, दिनेश जांगड़ा, दीपक, हरमन, सतीश, रघुबीर बरनेला, अंजनी गोयल, बंसीधर सेठ और आयुष कड़वासरा सहित कई अन्य सज्जनों ने अपनी अहम भूमिका निभाई।