सिरसा में भीषण गर्मी के बीच PNB एसोसिएशन का बड़ा कदम, बेजुबान पक्षियों के लिए बांटे 160 मिट्टी के सकोरे

 

सिरसा। जिले में रिकॉर्ड तोड़ पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर एंड रिटायरिज एसोसिएशन ने बेजुबान पक्षियों की जान बचाने के लिए एक बेहद सराहनीय कदम उठाया है। एसोसिएशन ने अपने सामाजिक सरोकार को निभाते हुए हर साल की तरह इस बार भी शहर में पक्षियों के लिए मिट्टी के सकोरे (पानी के बर्तन) बांटने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। 
इस दौरान सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को कुल 160 सकोरे मुफ्त में बांटे गए, ताकि लोग इन्हें अपने घरों की छतों, आंगनों या बालकोनी में रखकर इस भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए पानी का पक्का इंतजाम कर सकें।

इस नेक और सामाजिक कार्य के लिए पंजाब नेशनल बैंक के कई मौजूदा कर्मचारियों के साथ पूर्व बड़े अधिकारी भी शामिल हुए। एसोसिएशन के प्रधान डीआर खुराना की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल हेड कुलदीप सिंह राणा, डिप्टी सर्कल हेड मधु बांसल और पूर्व सर्कल हेड सतपाल मेहता विशेष रूप से शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व एलडीएम एमपी शर्मा, मुख्य प्रबंधक ज्योति स्वरूप शर्मा और बरनाला रोड शाखा के प्रबंधक गौरव सहित बैंक के 20 से अधिक वरिष्ठ कर्मचारी और अधिकारी इस अभियान का हिस्सा बनने के लिए मौके पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को जागरूक करते हुए एसोसिएशन के प्रधान डीआर खुराना ने कहा कि इस समय सूरज की तेज तपिश और प्रचंड गर्मी से सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि पशु और पक्षी भी पूरी तरह से हलकान हैं। उन्होंने कहा कि मानवता के नाते हम सभी नागरिकों का यह फर्ज बनता है कि हम अपने घरों के बाहर या छतों पर बेजुबान पक्षियों के लिए दाना और पानी जरूर रखें, ताकि पानी के अभाव में किसी भी बेजुबान पक्षी को अपनी जान न गंवानी पड़े।

सिरसाः खुईयां टोल प्लाजा पर 29 मई को किसानों का बड़ा प्रदर्शन, 4 घंटे पर्ची फ्री रहेगा टोल

इस पूरे अभियान को सफल बनाने में एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। मौके पर मौजूद सचिव ओमप्रकाश कथूरिया, प्रेम गोयल, एसपी ग्रोवर, मुकेश मिंत्री, सुरेंद्र अरोड़ा और गुलजारी लाल सैनी सहित कई अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने राहगीरों को सकोरे सौंपे और उनसे अपील की कि वे इनमें नियमित रूप से पानी भरना सुनिश्चित करेंगे ताकि इस गर्मी में पक्षियों को सहारा मिल सके।