कागदाना के बाग राम जाखड़ की चमकी किस्मत, प्रभात सीड्स के कार्यक्रम में ईनाम में मिली शानदार बाइक
चोपटा/कागदाना। सिरसा जिले के चोपटा क्षेत्र के गांव कागदाना में किसानों और व्यापारियों के लिए एक बेहद उत्साहवर्धक और भव्य ईनाम वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खरीफ फसलों (विशेषकर नरमा-कपास) के बिजाई सीजन के बीच अग्रणी बीज कंपनी प्रभात सीड्स द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों पर शानदार ईनामों की बौछार की गई।
इस विशेष ड्रा स्कीम के तहत कंपनी की ओर से कुल 480 इनाम निकाले गए, जिनमें चार मोटरसाइकिलें सबसे बड़ा आकर्षण रहीं। इसी कड़ी में गांव कागदाना स्थित जाखड़ ट्रेडिंग के संचालक बाग राम जाखड़ की किस्मत चमकी और उन्होंने ईनाम में एक चमचमाती मोटरसाइकिल जीती।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य मंच पर प्रभात सीड्स कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) एन.एस. देयोल, टीएम रणबीर सिंह और एमडीओ विकास कुमार ने बाग राम जाखड़ को मोटरसाइकिल की चाबी सौंपकर उन्हें सम्मानित किया। बाइक की चाबी हाथ में लेते ही बाग राम जाखड़ और वहां मौजूद अन्य किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर बाग राम जाखड़ ने कंपनी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रोत्साहन योजनाएं किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने का काम करती हैं।
इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक एन.एस. देयोल ने बताया कि प्रभात सीड्स का मुख्य उद्देश्य हमेशा किसानों के हितों को सर्वोपरि रखना और उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले रोग-मुक्त बीज उपलब्ध करवाना है, ताकि उनकी पैदावार में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने किसानों से बदलती जलवायु के अनुसार आधुनिक खेती की तकनीकों को अपनाने का भी आह्वान किया, जिससे खेती में लागत कम हो और मुनाफा बढ़ सके।
कार्यक्रम में किसानों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर शिरकत की। इस मौके पर विशेष रूप से आशीष पुनिया, अन्नपूर्णा बीज भंडार से सुभाष चंद्र और राजकुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने विजेता किसानों को बधाई दी।