सिरसा की सविता पूनिया का भारतीय हॉकी टीम में चयन, वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स में दिखाएंगी दम

 

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव जोधकां की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया का भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन हो गया है। वह आगामी हॉकी वर्ल्ड कप और 20वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से पूरे जिले और उनके पैतृक गांव में खुशी का माहौल है।

फिलहाल सविता पूनिया बेंगलुरु में राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही हैं। अगले माह वह भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड रवाना होंगी, जहां 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में महिला हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन होगा।

सविता के भाई भविष्य पूनिया ने बताया कि हॉकी इंडिया द्वारा जारी दोनों टूर्नामेंटों की टीम में सविता का चयन हुआ है। भारतीय महिला टीम की कप्तानी सलीमा टेटे को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी गोलकीपर के रूप में सविता पूनिया टीम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगी।

विश्व कप में भारतीय महिला टीम का पहला मुकाबला 16 अगस्त को चीन से होगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम से इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

वहीं, 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए भी सविता पूनिया का चयन किया गया है। भारतीय टीम को पूल-बी में रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 23 सितंबर को थाईलैंड और दूसरा मुकाबला 25 सितंबर को जापान के खिलाफ खेलेगी।

एशियन गेम्स भारतीय टीम के लिए बेहद अहम होंगे, क्योंकि इस प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को लॉस एंजिल्स ओलंपिक-2028 के लिए सीधा प्रवेश (कोटा) मिलेगा।

सिरसा की बेटी सविता पूनिया लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले, हरियाणा और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उनके चयन से खेल प्रेमियों में उत्साह है और सभी को उनसे एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।