नहरी पानी कटौती से बिफरे किसान, नहराणा हैड पर दिया धरना, शैरांवाली नहर में पानी छोड़ने की मांग
चोपटा। शेरावाली माइनर में नहरी पानी की कटौती को लेकर किसानों ने नहराना हैड पर धरना शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि शेरावाली नहर में पानी तीन दिन पहले आना चाहिए था लेकिन अभी तक नहीं आया जिससे उनकी धान की बिजाई लेट हो रही है। इसको लेकर रोज स्वरूप किसानों ने नहराणा हैड पर धरना शुरू कर दिया और सरकार व सिंचाई विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
किसान नेता रणधीर जोधकां, अरविंद गोदारा दड़बा कलां, करनैल सिंह कैरांवाली, अशोक कुमार, विनोद कुमार, अश्विनी, राकेश, संजय, मुकेश, राजेश कुमार, राजेंद्र, महावीर, रमेश कुमार ,अशोक कुमार, संजय बेनीवाल, सुरेश कुमार सहित कैंरावाली और दड़बा कलां के किसानों ने बताया कि सिंचाई पानी की कटौती के बाद धान की बिजाई रुकी हुई है और शेंरावाली नहर में 29 जून को पानी छोड़ा जाना था लेकिन अभी तक पानी नहीं छोड़ा गया।
जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है। धान की बिजाई नहीं हो पा रही इसको लेकर उन्होंने उच्च अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि पीछे से पानी कम आ रहा है पानी पूरा होते ही नहर में पानी छोड़ दिया जाएगा। इन्होंने बताया कि शैरावाली नहर के अंतर्गत कैंरावाली, दड़बा कलां, रंधावा, बकरियां वाली, रुपाणा , निरबाण, मिठनपुरा सहित कई गांवों में सिंचाई होती है। पानी की कटौती के कारण इन गांवों के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान नेता रणधीर जोधकां ने बताया इस बारे में सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारीयों से बात की गई तो एक्सईएन संदीप माथुर ने बताया की पीछे से पानी की कमी है और पानी पूरा होते ही नहर में पानी छोड़ दिया जाएगा और जो कटौती की है उसको भी पूरा कर दिया जाएगा।