सिरसाः अलीमोहम्मद के एक युवक से सिंगापुर भेजने के नाम पर 1.90 लाख की ठगी

 

नाथूसरी चोपटा। विदेश में नौकरी और पढ़ाई का सपना दिखाकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। गांव अलीमोहम्मद के एक युवक से सिंगापुर में सेटल करने के नाम पर 1 लाख 90 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित को एजेंट ने पैसे लेने के बाद सिंगापुर भेज भी दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे असलियत पता चली कि न तो उसका किसी कॉलेज में दाखिला हुआ है और न ही कोई नौकरी लगी है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के रहने वाले एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव अलीमोहम्मद के रहने वाले प्रवीण कुमार ने बताया कि उसकी पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के जिलोधा गांव के रहने वाले अमित गोदारा से हुई थी। अमित अक्सर सिंगापुर आता-जाता रहता था। इसी बात का फायदा उठाकर उसने प्रवीण को अपने झांसे में लिया। 

अमित ने प्रवीण को भरोसा दिया कि वह उसका सिंगापुर की एक कोचिंग अकादमी में दाखिला करवा देगा और साथ ही वहां किसी होटल में अच्छी नौकरी भी लगवा देगा। इस काम के बदले उसने 1 लाख 90 हजार रुपये की मांग की।

प्रवीण ने उसकी बातों पर यकीन कर लिया और 20 मार्च 2026 को अमित के बैंक खाते में मांगे गए 1 लाख 90 हजार रुपये जमा करवा दिए। पैसे मिलने के करीब 10 दिन बाद अमित ने प्रवीण को सिंगापुर भेज दिया। जब प्रवीण वहां पहुंचा, तो उसे पता चला कि उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है। जिस कोचिंग अकादमी में दाखिले की बात कही गई थी, वहां उसकी कोई फीस ही जमा नहीं की गई थी। इसके अलावा होटल में नौकरी का भी कोई इंतजाम नहीं था।

सिरसा के भरोखां गांव में एक ही रात में 15 ट्यूबवेलों की तारें चोरी

विदेश में बिना किसी सहारे के फंसने के बाद प्रवीण को वहां भारी परेशानी उठानी पड़ी। करीब 10 दिन तक वह सिंगापुर में ही भटका और फिर किसी तरह वापस भारत लौट आया। अपने गांव पहुंचने के बाद उसने नाथूसरी चोपटा थाने में जाकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई और लिखित शिकायत दी।

नाथूसरी चोपटा थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर धोलूराम ने बताया कि शिकायत के आधार पर शुरुआती जांच में धोखाधड़ी की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी अमित गोदारा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।