सिरसा के भरोखां गांव में एक ही रात में 15 ट्यूबवेलों की तारें चोरी
सिरसा। जिले के गांव भरोखां में एक बार फिर चोरों ने किसानों को अपना निशाना बनाया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने गांव के खेतों में लगे करीब 15 ट्यूबवेलों की तारें चोरी कर लीं। एक साथ इतने ट्यूबवेलों से तारों की चोरी हो जाने से गांव के किसानों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है।
चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने तारों को ले जाने की बजाय खेतों में ही बैठकर उनके ऊपर का रबर और प्लास्टिक कवर छीला और अंदर से सिर्फ तांबा निकाल कर ले गए। सुबह जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो उन्हें वहां कटी हुई तारों के खाली कवर और चोरों की छोड़ी गई एक नीले रंग की शर्ट पड़ी मिली। किसानों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस की डायल 112 हेल्पलाइन पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और सबूतों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
गांव के किसानों ने बताया कि उनके खेतों में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले इसी साल जनवरी महीने में भी ठीक इसी तरह ट्यूबवेलों की तारें काटी गई थीं, लेकिन उस घटना में भी चोरों का कुछ अता-पता नहीं चला। बार-बार हो रही इन चोरियों से किसानों को हर बार हजारों रुपये का सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है। फसल के समय में मोटर बंद हो जाने से सिंचाई का काम भी रुक गया है।
हरियाणा में सूरजमुखी पंजीकरण के लिए 60 दिनों के लिए फिर खुला पोर्टल
किसानों का कहना है कि वे दिन-रात खेतों में कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन अब उनकी खेती की मशीनें और उपकरण बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। बार-बार खेतों को निशाना बनाए जाने से पुलिस की रात की गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब किसानों की प्रशासन से सिर्फ एक ही मांग है कि इन चोरों को जल्द पकड़ा जाए और खेतों में उनके सामान की सुरक्षा पक्की की जाए।