सिरसा में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, अधिकारियों को हाउस लिस्टिंग एप और 34 अहम सवालों की दी गई ट्रेनिंग

 

सिरसा: 2027 की जनगणना को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान भविष्य की सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए बनने वाली 'हाउस लिस्टिंग एप' की सभी बारीकियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

डिवीजन इंचार्ज राधारमण और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने कार्यशाला में ट्रेनर्स को हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के तहत पूछे जाने वाले 34 अहम सवालों की पूरी प्रक्रिया समझाई। इन सवालों में परिवार की संरचना, मकान की स्थिति और घर में मौजूद बुनियादी सुविधाओं जैसी अहम सामाजिक-आर्थिक जानकारियां शामिल रहेंगी। अधिकारियों ने बताया कि इन सवालों के सही जवाब ही पूरे जिले की भविष्य की योजनाओं और नीतियों की दिशा तय करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक के महत्व और फील्ड में लेआउट मैप तैयार करने के सही तरीके बताए गए। मास्टर ट्रेनर्स ने क्रमबद्ध तरीके से घरों की सूची बनाने पर विशेष जोर दिया, ताकि जिले का एक भी मकान गणना की प्रक्रिया से न छूट जाए। इसके अलावा, वेब पोर्टल पर गणना ब्लॉक तैयार करने और उसे तुरंत अपडेट करने की तकनीकी प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

सिरसा, डबवाली और ऐलनाबाद कोर्ट में 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, मौके पर ही होगा मुकदमों का निपटारा

सर्वे टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर लोगों से बेहद विनम्र और मित्रवत व्यवहार करें। आम जनता का भरोसा जीतने के बाद ही बिना किसी झिझक के सटीक और विश्वसनीय आंकड़े जुटाए जा सकते हैं। इस अहम कार्य में तहसीलदार कम चार्ज जनगणना अधिकारी, तकनीकी सहायक और जनगणना क्लर्क भी मौजूद रहे, जिनकी तकनीकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया।