Sirsa News: जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना शुरू, जानिए क्या-क्या पूछे जाएंगे 33 सवाल और 30 अप्रैल तक की डेडलाइन

सिरसा में लघुसचिवालय में हुई वर्कशॉप, कर्मचारियों ने मोबाइल से भरे विवरण; 30 अप्रैल तक घर बैठे se.census.gov.in पर कर सकते हैं सेल्फ एनुमरेशन, गलत जानकारी पर जुर्माने का प्रावधान
 

Sirsa News: जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को लघुसचिवालय स्थित सभागार में कर्मचारियों को स्व-गणना (Self Enumeration) के लिए प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने अपने मोबाइल फोन से अपने परिवार का विवरण दर्ज किया और उन्हें डिजिटल डेटा अपलोड करने की पूरी जानकारी दी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डेटा संकलन को पेपरलेस, पारदर्शी और त्वरित बनाना है।

प्रशिक्षण के दौरान सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने आस-पड़ोस और आम लोगों को जागरूक करें ताकि 30 अप्रैल की समय सीमा से पहले अधिक से अधिक लोग अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और नागरिकों के लिए घर बैठे इसमें भाग लेना आसान बनाया गया है।

स्व-गणना के लिए नागरिकों को यहां करना होगा रजिस्ट्रेशन

जनगणना-2027 के पहले चरण में मकानों की सूचीकरण और गणना का काम किया जा रहा है। इसमें कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की संरचना (फर्श, दीवार, छत में प्रयुक्त सामग्री), घर का उपयोग (आवासीय, व्यावसायिक या मिश्रित), शौचालय, नहाने की जगह, पीने के पानी का स्रोत, बिजली की उपलब्धता, रसोई के ईंधन का प्रकार, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन और घर में कितने विवाहित जोड़े रहते हैं, जैसे सवाल शामिल हैं। गौरतलब है कि कोरोना महामारी की वजह से 2021 में टली यह जनगणना अब आजादी के बाद आठवीं और भारत की 16वीं जनगणना होगी, जिसमें पहली बार जाति का डेटा भी इकट्ठा किया जाएगा।

नागरिकों को स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाना होगा। यह प्रक्रिया 16 भाषाओं में उपलब्ध है और इसे पूरा करने में करीब 15 मिनट लगते हैं। नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:

  1. पोर्टल खोलें: सबसे पहले se.census.gov.in पर जाएं और अपना राज्य चुनें।
  2. रजिस्ट्रेशन करें: घर के मुखिया का नाम और किसी एक सदस्य के मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें। (एक नंबर से सिर्फ एक ही घर रजिस्टर होगा।)
  3. भाषा चुनें: 16 भाषाओं में से अपनी सुविधा अनुसार भाषा का चुनाव करें (बाद में इसे बदला नहीं जा सकता) और OTP से सत्यापन करें।
  4. लोकेशन सेट करें: मैप पर दिख रहे लाल मार्कर को अपने घर की सटीक लोकेशन पर सेट करें।
  5. जानकारी भरें: हाउस लिस्टिंग से जुड़े सभी 33 सवालों के सही-सही जवाब दें।
  6. सबमिट करें: डेटा को अच्छे से चेक करने के बाद ‘Final Submit’ पर क्लिक करें। इसके बाद जानकारी में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
  7. आईडी सेव करें: सबमिट होते ही एक यूनिक ‘Self Enumeration ID’ (SE ID) मिल जाएगी। इसका स्क्रीनशॉट ले लें या SMS में आई आईडी को सेव कर लें।

प्रगणक को दिखाएं: जब जनगणना कर्मी (प्रगणक) घर आएं, तो उन्हें यह SE ID दिखानी होगी, जिससे आपका डेटा वेरीफाई हो जाएगा।

Sirsa News: नाथूसरी चोपटा में जनगणना प्रशिक्षण शुरू, जाने आप से क्या-क्या ली जाएगी जानकारी

30 अप्रैल की डेडलाइन: देरी से भरने पर नहीं मिलेगा यह फायदा

अधिकारियों ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल की समय सीमा से पहले अपनी स्व-गणना पूरी कर लें। अगर कोई नागरिक इस तारीख के बाद जानकारी भरता है, तो उसे सेल्फ एनुमरेशन का लाभ नहीं मिलेगा और उसके घर प्रगणक आकर जानकारी लेंगे। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्र किया गया डेटा पूरी तरह गोपनीय रहेगा और इसका उपयोग किसी भी कोर्ट या सरकारी योजना में सबूत के तौर पर नहीं किया जा सकता। साथ ही, जनगणना में गलत जानकारी देने पर जुर्माने का भी प्रावधान है।