सिरसा: चौपटा में दो बड़े सड़क हादसे, 2 बहनों के इकलौते भाई की मौत

 
सिरसा 13 मार्च। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में वीरवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना सिरसा-चौपटा रोड पर 8वें मील के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। वहीं, दूसरा हादसा गांव दड़बा कलां के पास हुआ, जिसमें एक कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौपटा पुलिस ने दोनों जगहों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात वाहन ने ली इकलौते बेटे की जान, पुलिस कर रही तलाश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव अरनियांवाली निवासी 24 वर्षीय अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय कालूराम शेरपुरा गांव गया हुआ था। वीरवार रात करीब साढ़े दस बजे जब वह बाइक से वापस अपने गांव अरनियांवाली लौट रहा था, तभी 8वें मील के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल अजय को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अजय दो बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। मामले की जांच चौपटा थाना में कार्यरत एसआई हिम्मत सिंह कर रहे हैं।

दड़बा कलां हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, दो की हालत गंभीर

वहीं, दूसरा सड़क हादसा गांव दड़बा कलां के पास हुआ। यहां एक कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में दो व्यक्तियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। चौपटा पुलिस मौके पर पहुंच गई है और इस मामले को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।